Headlines

4 साल से फरार आदतन शराब तस्कर मोहन गिरफ्तार, धार पुलिस की बड़ी सफलता

धार। जिले में लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ एक शातिर और आदतन अवैध शराब तस्कर आखिरकार कानून के शिकंजे में आ ही गया। चार साल से फरार चल रहे आरोपी मोहन को पुलिस ने सटीक सूचना और रणनीति के तहत धर दबोचा। इस गिरफ्तारी को धार पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी कई थानों के मामलों में वांछित था।

धार पुलिस को थाना तिरला, मनावर, पीथमपुर और नालछा के विभिन्न अपराधों में पिछले 4 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी मोहन को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आरोपी अवैध शराब तस्करी का आदतन अपराधी है, जो लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

मामले के अनुसार, वर्ष 2024 में थाना तिरला क्षेत्र के ग्राम खिड़किया खुर्द में पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए 42 पेटी अवैध बीयर, एक पिकअप वाहन और 7 मोटरसाइकिल जब्त की थीं। इस मामले में अपराध क्रमांक 90/2024 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था, जिसमें आरोपी मोहन घटना के बाद से फरार था।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन में जिलेभर में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी के तहत नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के नेतृत्व में थाना तिरला और साइबर सेल की टीम को विशेष निर्देश दिए गए।

16 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोहन चाणक्यपुरी (धार) में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन फोर्स की मुस्तैदी से उसे पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी मोहन पिता दरियावसिंह वास्केल (30 वर्ष), निवासी चाकल्या, थाना तिरला, जिला धार है। वह थाना मनावर, नालछा और पीथमपुर के विभिन्न मामलों में भी फरार था, जिनमें आबकारी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से जिले के अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ज्योति पटेल, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह सिंगोड़, प्रधान आरक्षक राकेश रावत, आरक्षक अनारसिंह, साइबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल एवं उनकी टीम के मुकेश डावर, प्रशांत सिंह चौहान और तरुण सिंह बैस का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *