धार। ग्रामीण सियासत की सरगर्मियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। मध्य प्रदेश में पंचायतों के रिक्त पदों को भरने के लिए उप निर्वाचन वर्ष-2026 की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी तारीखों का ऐलान होते ही धार जिले समेत संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी चौसर बिछने लगी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने आधिकारिक कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में 4 दिसंबर 2026 को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत 12 नवंबर से होगी, जब प्रत्याशी अपने नाम निर्देशन पत्र जमा करना शुरू करेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 19 नवंबर तय की गई है। इसके अगले दिन यानी 20 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापसी के लिए 23 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है और इसी दिन मैदान में डटे अंतिम प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी कराई जाएगी। पंचायतों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर होने वाले इस उप चुनाव से न केवल स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलेगी, बल्कि ग्रामीण नेतृत्व और प्रशासनिक संतुलन भी फिर से पूरी तरह बहाल हो सकेगा।
