पुलिस ने सुलझाई लूट की गुत्थी; 1.61 लाख का मश्रुका जब्त, रात-दिन चले सर्च ऑपरेशन के बाद हाथ आए आरोपी
धार। सरदारपुर और रिंगनोद क्षेत्र के ताराघाटी इलाके में 5 मई को हुई 2.70 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए सरदारपुर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने इनके पास से लूट की नकद राशि और वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित कुल 1.61 लाख रुपये का माल बरामद किया है। इस वारदात को बदमाशों ने दो टोलियां बनाकर अंजाम दिया था।
चांदी गिरवी रखकर लौट रहे थे, रास्ते में गिराकर लूटा था
ग्राम चामझर निवासी पप्पू पिता केलसिंह अनारे अपनी पत्नी के साथ रिंगनोद आए थे। यहां उन्होंने चांदी गिरवी रखकर 2,70,000 रुपये लिए थे। जब वे वापस लौट रहे थे, तभी टांडा रोड वन चौकी के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर गिरा दिया और पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।

साइबर टीम और मुखबिरों का बिछाया जाल
एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से सुराग जुटाए गए। 9 मई को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि इस कांड के पीछे भीलखेड़ी का गोकुल और कालीदेवी का मुकाम शामिल हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
‘दो टीमें बनाकर की थी डकैती’
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए:
- प्लानिंग: बदमाशों ने दो अलग-अलग टोलियां बनाई थीं ताकि पीड़ित बचकर न निकल सके।
- बंटवारा: लूट के बाद सभी ने रकम आपस में बांट ली थी।
- बरामदगी: पुलिस ने गोकुल और मुकाम के पास से 1,01,000 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
ये हैं पुलिस की गिरफ्त में:
- गोकुल (18) पिता हरिसिंह, निवासी नयापुरा भीलखेड़ी।
- मुकाम (22) पिता धनसिंह, निवासी कालीदेवी (थाना टांडा)।
ये 4 आरोपी अभी भी फरार:
वारदात में शामिल लोकेश डावर, सन्नी डावर, राजेश डावर और नन्नू डावर (सभी निवासी कालीदेवी) फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस टीमें इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी के मार्गदर्शन में टीम का गठन
लूट की घटना को संवेदनशीलता व गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर एवं पारूल बेलापुरकर तथा एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरदारपुर अनिल कुमार जाधव व चौकी प्रभारी रिंगनोद गुलाबसिंह भयडिया की विशेष टीमें गठित की गई थी।
इनकी रही मुख्य भूमिका : इस सफलता में सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव, रिंगनोद चौकी प्रभारी गुलाबसिंह भयडिया, सायबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल, सउनि जितेन्द्र नरवरिया, प्र.आर. मेहरसिंह बडोले, आरक्षक शिवजी श्रीवास्तव, आरक्षक राहुल मंडलोई, आरक्षक मुनसिंह मईडा, आरक्षक दिनेश सोलंकी, आरक्षक भारतसिंह भुरा, आर शुभम शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
