नौगाँव थाना क्षेत्र में देर रात दुस्साहसिक चोरी, सोने के जेवर और नकदी ले उड़े चोर, प्रकरण दर्ज
धार। जब पूरा शहर गहरी नींद में सोया था, तब शांतिकुंज कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बना लिया। चोरों ने घर के दरवाजे का ताला तोड़ा और बेखौफ होकर अलमारी में रखी सोने की ज्वेलरी व नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए।
मामला धार के नौगाँव थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली शांतिकुंज कॉलोनी का है। फरियादी सुनील कुमार (पिता शांतिलाल नाहर, उम्र 63 वर्ष, निवासी जवाहर मार्ग, धार) के बेटे सिद्धार्थ के घर को चोरों ने निशाना बनाया। घटना 25 जुलाई की रात 11:00 बजे से 26 जुलाई की सुबह 05:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। अज्ञात बदमाशों ने मकान और अलमारी का लॉक तोड़कर 80,000 रुपये मूल्य की सोने की दो पुरानी अंगूठी व एक चेन तथा 10,000 रुपये नकद कुल 90,000 रुपये का सामान पार कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद फरियादी सुनील कुमार द्वारा नौगाँव थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने 26 जुलाई को दोपहर 03:49 बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
नौगाँव थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र और आसपास लगे रास्तों के आधार पर अज्ञात चोरों की सुरागकशी की जा रही है, ताकि चोरी गए माल को बरामद कर आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
