Headlines

सावधान ! रास्ते में ऑटो-अपडेट हुआ मोबाइल, घर पहुँचते ही बैंक खाते से 50,000 रुपये गायब

बदनावर में एमपीईबी कर्मचारी के साथ डिजिटल फ्रॉड

धार। तकनीक के इस दौर में साइबर ठग आम लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हाल ही में बदनावर थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहाँ मोबाइल अपडेट होने के दौरान अज्ञात जालसाज ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 50,000 रुपये पार कर दिए।

घटना रविवार, 02 अगस्त 2026 की शाम लगभग 07:52 बजे की है। पीड़ित धर्मेंद्र (उम्र 32 वर्ष), पिता श्यामसुंदर सिसोदिया एमपीईबी में हेल्पर का काम करते हैं। पीड़ित ग्राम धारसीखेड़ा (बदनावर, जिला धार) के निवासी हैं। यह घटना तब हुई जब वे भैसोला से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में धर्मेंद्र का मोबाइल अपने आप अपडेट होने लगा। घर पहुँचकर जब उन्होंने PhonePe के जरिए अपने दोस्त दीपक को 70 रुपये भेजे और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री चेक की, तो राजोद शाखा के बैंक ऑफ इंडिया खाते से 50,000 रुपये कटने का संदेश मिला। अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर बैंक खाते से 50,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। शिकायत 07 अगस्त शुक्रवार को बदनावर थाने में दर्ज कराई गई। 

मामले में बदनावर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

स्मार्टफोन में अप्रत्याशित या ऑटो-अपडेट की प्रक्रिया के दौरान साइबर ठगी की बढ़ती घटनाएँ चिंता का विषय हैं। जानकारों का मानना है कि अनजान लिंक या फर्जी अपडेट से साइबर अपराधी फोन का एक्सेस हासिल कर लेते हैं, इसलिए किसी भी अनधिकृत अपडेट या ऐप से सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *