Headlines

निर्माणाधीन मकान में सट्टे का खेल : धरमपुरी पुलिस की घेराबंदी में सटोरिया गिरफ्तार, 9,500 नकद व पर्चियां जब्त

धार। धरमपुरी पुलिस ने अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पगारा फाटा स्थित एक निर्माणाधीन भवन से सट्टा लिखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9,500 रुपए नकद सहित सट्टा पर्ची, लीड पेन और कार्बन का टुकड़ा जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर शनिवार को थाना धरमपुरी पुलिस को सूचना मिली थी कि पगारा फाटा स्थित निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति रुपये-पैसों का अवैध सट्टा लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रुपेश पिता सुरेशचन्द्र पाल (44 वर्ष), निवासी पगारा फाटा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सात अंक लिखी सट्टा पर्ची, एक लीड पेन, कार्बन का एक टुकड़ा और 9,500 रुपए नकद बरामद किए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार (दक्षिण) विजय डावर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनावर दिपांशु के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी धरमपुरी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में उप निरीक्षक रवि वास्के, प्रधान आरक्षक वेस्ता सोलिया तथा आरक्षक पंकज, उदयप्रतापसिंह, लक्ष्मण जमरा और संजेश की विशेष भूमिका रही। धरमपुरी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *