13.5 लाख कैश और 7 किलो चांदी चोरी, नौगांव थाने में केस दर्ज
धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर एक चलती बस से नकदी और चांदी से भरा कीमती पार्सल चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चावल की जिस थैली में लाखों का माल सुरक्षित मानकर इंदौर भेजा जा रहा था, वह गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में गायब हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी योगेश पंवार (50 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुरी कॉलोनी, इंदौर) ने 3 अक्टूबर की सुबह करीब 9:40 बजे एक प्लास्टिक की थैली में पार्सल पैक कर बस में इंदौर के लिए रखवाया था। इस पार्सल में 13 लाख 50 हजार रुपये नकद और करीब 6 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की 7 किलो कच्ची-पक्की चांदी (कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये) रखी हुई थी। धार में सोनू रेस्टोरेंट के सामने इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन रोड पर अज्ञात आरोपी ने मौका पाकर यह पार्सल पार कर दिया।
फरियादी के थाने पहुंचने के बाद नौगांव थाना पुलिस ने 10 अक्टूबर की रात 8:24 बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। घटना के एक सप्ताह बाद मामला दर्ज होने से पुलिस के सामने अब फोरलेन के ढाबों और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों तक पहुंचने की चुनौती होगी। साथ ही, सार्वजनिक यात्री बसों में बिना सुरक्षा के इतनी बड़ी रकम और कीमती धातुओं के परिवहन को लेकर भी सतर्कता बरतने की आवश्यकता रेखांकित होती है।
