धार जिले में वाहन चोर गिरोह सक्रिय
धार। जिले में वाहन चोरों का हौसला बुलंद है। पिछले कुछ दिनों में चोरों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सेंधमारी करते हुए चार दोपहिया वाहनों पर हाथ साफ कर दिया। सागौर, पीथमपुर सेक्टर-1 और गंधवानी में हुई इन वारदातों में खास बात यह रही कि चोरों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को ही अपना निशाना बनाया। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ BNS की धारा 303 के तहत केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
केस 01: सागौर के गुलवा से बाइक चोरी
सागौर थाना क्षेत्र के ग्राम गुलवा में रहने वाले मनोज पटेल ने अपनी मोटरसाइकिल (MP 09 ZQ 9733) शाम को घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह जब वे उठे तो गाड़ी वहां से गायब थी। कोई अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक ले उड़ा।
केस 02: पीथमपुर के नूतन नगर से ‘एक्सिस’ पार
इंडस्ट्रियल एरिया पीथमपुर के सेक्टर-01 में भी चोरी की वारदात सामने आई है। इंदौर निवासी भीम सुनहरे नूतन नगर स्थित हनुमान मंदिर के सामने अपनी एक्सिस (MP 09 AB 2969) खड़ी कर किसी काम से गए थे। रात 11 बजे से सुबह के बीच कोई अज्ञात चोर स्कूटर लेकर रफूचक्कर हो गया।
केस 03: गंधवानी के नित्यानंद चौक में वारदात
गंधवानी के नित्यानंद चौक निवासी मुकेश डाबी की हीरो एचएफ डीलक्स (MP 11 MZ 8018) चोरों के निशाने पर रही। मुकेश ने रात 10:30 बजे अपनी गाड़ी घर के बाहर पार्क की थी, जो सुबह 5:30 बजे तक नदारद मिली।
केस 04: घाटाबिल्लौद में घर के सामने से स्पलेंडर चोरी
पीथमपुर थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर (घाटाबिल्लौद) में युगलकिशोर बैरागी की हीरो स्पलेंडर (MP 09 ZK 7798) चोरी हो गई। फरियादी ने बताया कि गाड़ी घर के सामने लॉक करके खड़ी की थी, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है। इस मामले में पुलिस ने करीब 15 दिन बाद एफआईआर दर्ज की है।
एक ही समय अंतराल में हुई इन चोरियों से अंदेशा जताया जा रहा है कि जिले में कोई अंतरराज्यीय या स्थानीय गिरोह सक्रिय है जो रेकी कर घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को मास्टर-की (मास्टर चाबी) की मदद से चुरा रहा है।
पुलिस की अपील: “वाहन मालिक अपनी गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें और संभव हो तो हैंडल लॉक के साथ-साथ अतिरिक्त गियर लॉक या चेन का उपयोग करें। संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।”
