Headlines

5 अलग-अलग हादसों में 8 लोगों की मौत, पीथमपुर में सोते हुए तीन मजदूरों पर चढ़ा दिया ट्रक

धार जिले में सड़कों पर ‘काल’ बनकर दौड़े वाहन

धार। जिले की सड़कें इन दिनों रक्त रंजित हो रही हैं। पिछले कुछ दिनों में हुई आधा दर्जन सड़क दुर्घटनाओं ने कई परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। सबसे दहला देने वाली घटना पीथमपुर के सेक्टर-1 में हुई, जहाँ एक खेत में सो रहे तीन मजदूरों को ट्रक ने कुचल दिया। वहीं बाग, कुक्षी और बदनावर में तेज रफ्तार के कारण हुए हादसों में 5 अन्य लोगों ने अपनी जान गँवाई है।

1. पीथमपुर: मौत की नींद सो गए तीन मजदूर, खेत में सो रहे थे, ट्रक ने ऊपर चढ़ा दिए टायर

सेक्टर-1 थाना क्षेत्र के ग्राम गवला में मंगलवार तड़के 4 बजे एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हुई। रुदन सिंह सोलंकी के खेत में छत्तीसगढ़ से आए मजदूर सो रहे थे। तभी सपोर्ट गाड़ी (KA51MC5799) के चालक वेलू स्वामि (निवासी तमिलनाडु) ने वाहन को लापरवाही से रिवर्स लिया और सोते हुए मजदूरों पर टायर चढ़ा दिए। हादसे में रामचरण (56), भानुप्रताप (19) और अरविंद (22) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।

2. कुक्षी: डम्पर ने बाइक सवार को रौंदा, टायर के नीचे आने से तोड़ा दम

कुक्षी-बड़वानी रोड पर कष्ट भंजन मंदिर के पास एक डम्पर (MP41HA0727) ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार गोविंद (निवासी गणपुर चौकड़ी) के गिरने के बाद डम्पर का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। बड़वानी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गोविंद की मौत हो गई।

3. बाग: तीन अलग-अलग हादसों ने ली तीन जानें

बाग थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर तीन जिंदगियों पर भारी पड़ा:

  • हादसा 1: ग्राम चिजबा में एक बाइक (MP11ZK4166) ने नरबत (20) की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नरबत की मौत हो गई, जबकि साथी लालू घायल है।

  • हादसा 2: ग्राम बेकल्या में अज्ञात टैंकर ने बाइक सवारों को टक्कर मारी। सिर और कमर में गंभीर चोट लगने के कारण हितेश उर्फ रितेश (22) की टांडा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

  • हादसा 3: ग्राम पाडलिया में टावर के पास टीवीएस बाइक (MP11NK2276) के चालक ने मनोहर (39) की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

4. बदनावर: फोरलेन पर ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर

बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर हनुमान मंदिर के पास एक ट्रैक्टर (MP13AB1663) ने आगे चल रही बाइक को पीछे से उड़ा दिया। हादसे में बाइक सवार जागीरदार पिता मदनलाल (निवासी ग्राम ढोलाना) गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने इन सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत केस दर्ज किया है। अधिकांश मामलों में मर्ग जांच के बाद मंगलवार को एफआईआर की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *