14 दिन में 2710 चालान, 10.85 लाख का जुर्माना
धार | अगर आप धार की सड़कों पर बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के टशन दिखाने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए! शहर की यातायात पुलिस इन दिनों फुल एक्शन मोड में है। 26 अप्रैल से शुरू हुए विशेष चेकिंग अभियान ने नियम तोड़ने वालों के पसीने छुड़ा दिए हैं। पिछले 14 दिनों में पुलिस ने 2710 लापरवाह चालकों पर कार्रवाई करते हुए 10 लाख 85 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला है। जिले की कमान संभालते ही पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने अपराधियों के साथ-साथ अब सड़कों पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। एसपी के कड़े निर्देश हैं कि सड़कों पर अनुशासन दिखना चाहिए।
शनिवार का ‘धमाका’: एक ही दिन में सवा लाख की वसूली
शनिवार को यातायात विभाग का सख्त चेहरा देखने को मिला। शहर के मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने नाकाबंदी कर गाड़ियों के दस्तावेज खंगाले।
-
एक दिन की कार्रवाई: 307 चालान।
-
जुर्माना: 1 लाख 18 हजार 300 रुपये। पुलिस की इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से उन वाहन चालकों में हड़कंप मच गया जो अक्सर नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर फर्राटा भरते हैं।
थाने के सामने भी नाका, रडार पर ‘बिना बेल्ट-हेलमेट’ वाले
यातायात थाना प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर ने बताया कि चेकिंग केवल चौराहों तक सीमित नहीं है, बल्कि यातायात थाने के ठीक सामने भी सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस की टीम उन लोगों को विशेष रूप से टारगेट कर रही है जो:
-
दो पहिया वाहन पर बिना हेलमेट हैं।
-
चार पहिया में सीट बेल्ट का उपयोग नहीं कर रहे।
-
जिनके पास ड्राइविंग लाइसेंस या गाड़ी के वैध कागजात नहीं हैं।
पुलिस न केवल चालान काट रही है, बल्कि लोगों को यह भी समझा रही है कि ‘हेलमेट बोझ नहीं, कवच है’।
घायलों की मदद करें, इनाम भी पाएं
यातायात थाना प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर ने कार्रवाई के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाने वाले शख्स को ‘राहगीर योजना’ के तहत सरकार की ओर से 25,000 रुपये का इनाम दिया जाता है। इसका उद्देश्य दुर्घटना के समय ‘गोल्डन ऑवर’ में घायल की जान बचाना है।
जुर्माना नहीं, जान बचाना मकसद
“हमारा उद्देश्य राजस्व जुटाना नहीं, बल्कि नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। लापरवाही से वाहन चलाना जानलेवा हो सकता है। पुलिस लगातार समझाइश दे रही है, लेकिन जो नियम तोड़ेंगे, उन पर सख्ती जारी रहेगी।”
— प्रेम सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी, यातायात धार


