धार। जिले में बीते 24 घंटों के दौरान चोरी की अलग-अलग वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं शातिर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया, तो कहीं ग्रामीणों की सतर्कता से भेड़ चोरी की बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने चारों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1. नौगाँव : गैलरी के रास्ते घर में घुसा चोर, बैग से उड़ाए 68 हजार कैश
शहर के प्रकाश नगर इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। फरियादी अनिल पिता लीलाधर शर्मा के घर में रविवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच कोई अज्ञात बदमाश गैलरी के रास्ते दाखिल हुआ। चोर ने अलमारी के अंदर रखे बैग से 68,400 रुपये नगद (जिसमें 500 और 100 की गड्डियां शामिल थीं) और पलंग पर रखा सैमसंग कंपनी का मोबाइल पार कर दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 305(क) BNS में केस दर्ज किया है।
2. कानवन: भेड़ चुराकर भाग रहे थे चार बदमाश, दो को दबोचकर ग्रामीणों ने सूता
ग्राम कोद में बीती रात भेड़ चोरी की कोशिश नाकाम रही। राजस्थान निवासी चरवाहे भीखाराम रेबारी के डेरे से चार बदमाश तीन भेड़ें चुराकर ले जा रहे थे। आधी रात को आहट होने पर चरवाहे की नींद खुल गई।
-
पकड़े गए आरोपी: ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पूनमचंद (बखतगढ़) और पवन (कोद) को रंगेहाथ दबोच लिया।
-
अंधेरे का फायदा: मौके से दो अज्ञात साथी भागने में सफल रहे, जबकि पकड़े गए आरोपियों की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी।
3. पीथमपुर: इंडोरामा सेक्टर-3 से बाइक चोरी, दो आरोपी नामजद
औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर की विजय नगर कॉलोनी से एक बाइक चोरी का मामला सामने आया है। फरियादी हीरालाल यादव की होण्डा शाइन (MP 11 MW 1633), जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है, चोरी हो गई। पुलिस ने इस मामले में बेटमा निवासी तरुण और स्थानीय निवासी कृष्णा ठाकुर को आरोपी बनाया है।
4. सरदारपुर: आरा मशीन के पीछे से बाइक और मोबाइल पार
सरदारपुर में भी बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। आरा मशीन रोड के पीछे से फरियादी आशाराम चौहान की होण्डा लीवो बाइक (MP 11 NK 3805) और 10 हजार रुपये कीमती ओप्पो का मोबाइल चोरी हो गया। वारदात 8 मई की बताई जा रही है, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को दर्ज की गई।
इन सभी मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नई धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए फरार आरोपियों और चोरी गए माल की तलाश में जुटी है।
