Headlines

मनावर में आधी रात को तांडव: 7 बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटे पर तानी बंदूक, जेवर और मवेशी तक लूट ले गए

धार। जिले के मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम बागसुल में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात डकैतों ने एक घर को निशाना बनाया। करीब 6 से 7 हथियारबंद बदमाशों ने घर का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सो रहे मां-बेटे की कनपटी पर बंदूक अड़ा दी। बदमाशों ने न केवल नकदी और सोने-चांदी के जेवर लूटे, बल्कि घर के आंगन में बंधे दो बकरे, एक बकरी और एक बैल भी हांक ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

रात 1:40 बजे खुला चैनल गेट, फिर शुरू हुआ ‘खौफ का खेल’

फरियादी दीपक (23) पिता स्व. अनवर इस्के ने बताया कि वह अपनी मां कुसुमबाई के साथ घर के अंदर सोया था, जबकि भाई विष्णु छत पर था। रात करीब 1:40 बजे अचानक चैनल गेट खुलने की आवाज से दीपक की नींद खुली। जब तक वह कुछ समझ पाता, 6-7 अज्ञात लोग कमरे के अंदर दाखिल हो चुके थे।

गन पॉइंट पर ली मां, कान के टाप्स तक उतरवाए

बदमाशों ने कमरे में घुसते ही दीपक और उसकी मां पर बंदूक तान दी। एक बदमाश जिसकी उम्र करीब 30-35 साल थी, उसने मां-बेटे को हिलने तक नहीं दिया। वहीं दूसरे बदमाश ने बिस्तर के पास खड़े होकर कुसुमबाई के कान के टाप्स, नाक का कांटा और पैरों की पायल उतरवा ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

अलमारी से नकदी और खूंटे से मवेशी ले उड़े

जेवर लूटने के बाद बाकी 5 बदमाश अंदर के कमरों में घुस गए। उन्होंने बिस्तर पेटी और अलमारी के ताले तोड़कर वहां रखे 80 हजार रुपये नगद और एक विवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। जाते-जाते लुटेरों ने घर के बाहर बंधे दो बकरे, एक बकरी और एक बैल को भी अपने साथ ले गए।

लूट का पूरा हिसाब:

  • नकदी: 80,000 रुपये

  • जेवर: सोने के टाप्स, नाक का कांटा, चांदी की पायल

  • मवेशी: 2 बकरे, 1 बकरी, 1 बैल

  • इलेक्ट्रॉनिक्स: 1 वीवो मोबाइल

  • कुल मशरूका: लगभग 1,45,000 रुपये

हुलिए के आधार पर तलाश

“फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात 6-7 आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत धारा 310(2) BNS (डकैती) में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरियादी ने आरोपियों का हुलिया बताया है, जिसके आधार पर आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग की जा रही है।” — थाना मनावर पुलिस

पहचान का दावा: फरियादी दीपक ने बताया कि उसने बदमाशों को करीब से देखा है और सामने आने पर वह उन्हें पहचान लेगा। बदमाशों की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *