Headlines

कहीं शराब के पैसे न मिलने पर चमका चाकू, तो कहीं इंडिकेटर न देने पर पीठ में घोंपा खंजर

धार जिले में सड़क पर गुंडागर्दी

धार। धार जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सड़कों पर चलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। कहीं शादी से लौट रहे युवक का रास्ता रोककर शराब के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं, तो कहीं गाड़ी का इंडिकेटर न देने जैसी मामूली बात पर खूनी खेल खेला जा रहा है। पिछले 24 घंटों के भीतर धरमपुरी और मनावर थाना क्षेत्रों में राह चलते विवाद और सरेआम चाकूबाजी की दो सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पहली वारदात: धरमपुरी में शादी की खुशियां बदलीं खौफ में, शराब के पैसे नहीं दिए तो मार दिया चाकू

धरमपुरी थाना क्षेत्र के गुलाटी पेट्रोल पंप के पास गुरुवार रात एक युवक पर बदमाशों ने सिर्फ इसलिए चाकू से हमला कर दिया क्योंकि उसने शराब पीने के लिए पैसे देने से मना कर दिया था।

  • रास्ता रोककर की अड़ीबाजी: फरियादी राहुल (21) पिता अमिचंद ओसारी, निवासी खरगोन, एक शादी समारोह से खुशी-खुशी अपने घर लौट रहा था। तभी रात करीब 3 बजे गुलाटी पेट्रोल पंप के पास धरमपुरी के ही शातिर बदमाश राजा चौहान और सुनील ने उसका रास्ता रोक लिया।

  • कंधे के पास लगी चोट: बदमाशों ने राहुल से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब राहुल ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने पहले उसके साथ थप्पड़-मुक्की करते हुए मारपीट की और फिर जेब से चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। चाकू राहुल के बाएं हाथ के कंधे के पास लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

  • पुलिस की कार्रवाई: धरमपुरी पुलिस ने आरोपी राजा चौहान और सुनील के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 119(1), 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।

दूसरी वारदात: मनावर में इंडिकेटर विवाद में जातिसूचक गालियां और चाकूबाजी, बीच-बचाव करने आए साथी की पीठ में घोंपा चाकू

दूसरी खौफनाक घटना मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गांव खेड़ी से आई है, जहां महज गाड़ी आगे बढ़ाने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां बीच-बचाव करने आए एक निर्दोष युवक की पीठ में चाकू घोंप दिया गया।

  • कार का इंडिकेटर नहीं देने पर भड़का विवाद: फरियादी रविन्द्र (33) पिता रेवाशंकर सोलंकी अपनी कार से भाई लवकुश को छोड़ने जा रहा था। गांव में सड़क किनारे उसने कार खड़ी की, तभी वहां से करौली निवासी महेश पिता मनोज मानकर मोटरसाइकिल से गुजरा। महेश ने कार खड़ी देखकर रविन्द्र से विवाद शुरू कर दिया कि “तूने बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी को आगे कैसे बढ़ा दिया?”

  • भाई को बुलाकर किया हमला, दी जातिसूचक गालियां: बात यहीं खत्म नहीं हुई। कुछ देर बाद महेश अपने भाई नेपाल मानकर को साथ लेकर रविन्द्र के घर के सामने खले पर पहुंच गया। दोनों भाइयों ने रविन्द्र को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और मारपीट शुरू कर दी।

  • बीच-बचाव करने वाले को बनाया निशाना: जब विवाद बढ़ा तो रविन्द्र का साथी रामेश्वर (32) पिता मोतीलाल निवासी खेड़ी हवेली बीच-बचाव करने आया। इस पर आरोपी नेपाल ने क्रूरता दिखाते हुए रामेश्वर की पीठ में सीधे चाकू घोंप दिया।

  • लगी गंभीर धाराएं: मनावर पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों महेश और नेपाल के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं [296(b), 115(2), 118(1), 351(3), 3(5)] सहित गंभीर SC/ST एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छोटी-छोटी बातों पर चाकू निकाल लेना और राह चलते अड़ीबाजी करना धार जिले में कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पुलिस को इन सड़कछाप गुंडों पर कड़ा शिकंजा कसने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *