गंगा दशहरा पर देवी सागर तालाब में महा-श्रमदान आज
धार। हमारे पुरखों की विरासत और पानी के मुख्य स्रोत रहे कुएं, बावड़ियां और तालाब अब उपेक्षा का शिकार नहीं रहेंगे। धार जिले के जल स्रोतों की सूरत बदलने के लिए प्रशासन और जन-भागीदारी ने हाथ मिला लिया है। रविवार को कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने स्थानीय स्वैच्छिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में फैसला लिया गया कि जिले के जल स्रोतों को सहेजने के लिए हर संस्था एक-एक कुआं, बावड़ी या तालाब गोद लेगी और उसकी कायाकल्प करेगी।
चाय पर चर्चा और परिचय से हुई शुरुआत
बैठक की शुरुआत बेहद आत्मीय माहौल में हुई। कलेक्टर मीना ने सबसे पहले बैठक में मौजूद सभी समाजसेवियों और प्रतिनिधियों से वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने सभी का परिचय लिया और उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
सुझाव जो धार की जल संरचनाओं को देंगे नई जिंदगी
बैठक में केवल निर्देश नहीं दिए गए, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले संगठनों से सुझाव भी लिए गए।
-
जाली और सूचना बोर्ड: एनजीओ प्रतिनिधियों ने सटीक मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई बार बावड़ियां साफ तो कर दी जाती हैं, लेकिन लोग फिर कचरा फेंक देते हैं। इसके समाधान के लिए साफ की गई बावड़ियों पर जाली लगाने और जागरूकता बोर्ड लगाने का सुझाव दिया गया।
-
तालाबों का गहरीकरण: ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि ग्राम समितियों के माध्यम से तालाबों और तलैयों को गहरा किया जाए, ताकि बारिश में ज्यादा से ज्यादा पानी सहेजा जा सके।
कलेक्टर मीना ने इन सुझावों को बेहद गंभीरता से लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामवार बावड़ियों की एक सूची तैयार की जाए, ताकि प्लानिंग के साथ काम हो सके।
आज ‘गंगा दशहरा’ पर देवी सागर तालाब में महा-श्रमदान
25 मई सोमवार को गंगा दशहरा के पावन पर्व पर धार में जल संरक्षण का बड़ा उत्सव मनाया जा रहा है। जिला स्तर पर देवी सागर तालाब में एक विशाल स्वच्छता अभियान और श्रमदान का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने धार के सभी जागरूक नागरिकों और स्वयंसेवी संगठनों को इस महा-श्रमदान में पसीने की आहुति देने के लिए आमंत्रित किया है। वहीं, ग्रामीण स्तर पर भी प्रत्येक ग्राम में गंगा दशहरा उत्सव के जरिए पानी बचाने का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में यह रहे मौजूद
धार को जल-संकट से उबारने की इस मुहिम में जिले की कई जानी-मानी हस्तियों और संस्थाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक में प्रमुख रूप से जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक नवनीत रत्नाकर, रेडक्रॉस से शैलेंद्र तिवारी, छोटू शास्त्री, उदय रंजन क्लब से नरेश शर्मा, राजवाड़ा चौक सेवा समिति से नवनीत जैन, खरसोड़ा सेवा समिति से विकास शर्मा, राहुल पाल, इसके साथ ही प्रस्फुटन समिति, नवांकुर समिति के पदाधिकारी, सीएमसीएलडीपी के ऊर्जावान छात्र-छात्राएं और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
