भोजशाला मार्ग ‘नो व्हीकल जोन’, चार पहिया वाहनों के लिए बदले रास्ते
धार। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल यानी सोमवार, 25 मई को धार जिला मुख्यालय के दौरे पर आ रहे हैं। सीएम के इस प्रस्तावित वीआईपी दौरे को लेकर धार पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। शहर की सुरक्षा, कानून और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए धार पुलिस ने एक तगड़ा ट्रैफिक और रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है।
अगर आप कल सोमवार को धार शहर या इसके आसपास के रास्तों से गुजरने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कुछ रास्तों को पूरी तरह ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया है, तो वहीं भारी वाहनों के लिए रूट बदल दिए हैं। आइए जानते हैं क्या है पुलिस का पूरा ट्रैफिक प्लान:
इन रास्तों पर रहेगा ‘नो हैवी व्हीकल जोन’
सीएम के रूट को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के भारी और मध्यम वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह बैन रहेगा। केवल एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को ही छूट मिलेगी।
- प्रतिबंधित मार्ग: डीआरपी हेलीपेड, इंदौर नाका, घोड़ा चौपाटी, हटवाड़ा, आनंद चौपाटी, राय चौपाटी, राजवाड़ा से भोजशाला।
- इसके अलावा: भोजशाला-धारेश्वर मार्ग से छत्री तिराहा, मतलबपुरा, देवीजी मंदिर, पाटीदार स्कूल एवं राजनंदिनी तिराहा तक हैवी गाड़ियां नहीं जा सकेंगी।
भारी और मध्यम माल वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान
- इंदौर की ओर से आने वाले वाहन: इंदौर से धार शहर आने वाले सभी भारी व मध्यम माल वाहनों को गौतम स्कूल के आगे धरावरा फाटा से डायवर्ट किया जाएगा।
- धामनोद, नालछा व माण्डव की ओर से आने वाले वाहन: जिन्हें रतलाम या इंदौर जाना है, उन्हें भी धरावरा फाटा से होकर गुजरना पड़ेगा।
- धार शहर से माण्डव, नालछा, धामनोद जाने वाले वाहन: ये वाहन श्याम ढाबा मार्ग से जा सकेंगे। ध्यान दें: मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक 1 घंटा पहले इस मार्ग को बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद वाहनों को जेतपुरा से धरावरा फाटा होकर जाना होगा।
मुख्य कटऑफ एवं डायवर्जन पॉइंट:
- रतलाम नाका
- जेतपुरा फाटा
- ज्ञानमंदिर महाविद्यालय (धरावरा)
- राजनंदिनी तिराहा
- मतलबपुरा फाटा
चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग का पूरा रूट प्लान: समझें, आपको कहां जाना है?
- धामनोद, धरमपुरी और नालछा क्षेत्र की गाड़ियां: अगर आप इस रूट से आ रहे हैं, तो श्याम ढाबा से पुराना बायपास होते हुए फिल्टर प्लांट, दशहरा मैदान और गंजीखाना तिराहा से होकर सरस्वती शिशु मंदिर पार्किंग पहुंचेंगे।
- तिरला ब्लॉक से आने वाले वाहन: इस क्षेत्र के वाहन ज्ञानपुरा, राजनंदिनी तिराहा, आरटीओ कार्यालय, दशहरा मैदान और गंजीखाना तिराहा होते हुए सरस्वती शिशु मंदिर पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।
- धार देहात ब्लॉक का रूट: इंदौर-अहमदाबाद मार्ग से आने वाले वाहन लबरावदा फाटा, मतलबपुरा फाटा और मां कालिका मार्ग होते हुए पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास ‘बड़े खेत’ पार्किंग स्थल में खड़े होंगे।
- धार शहरी ब्लॉक की व्यवस्था: शहर के स्थानीय चार पहिया वाहनों के लिए अनाज मंडी स्थित पार्किंग स्थल तय किया गया है।
जरूरी नोट (प्लान-B): अगर सरस्वती शिशु मंदिर और बड़े खेत की पार्किंग पूरी तरह भर जाती है, तो पुलिस प्रशासन द्वारा वाहनों को डिस्लरी तिराहा, विक्रम नगर तिराहा और कालिका माता मंदिर मार्ग से डायवर्ट कर राठौड़ धर्मशाला पार्किंग में खड़ा करवाया जाएगा।
सभी प्रकार के टू-व्हीलर्स (बाइक/स्कूटर) के लिए पुरानी सब्जी मंडी पार्किंग स्थल तय किया गया है।
ये रहेंगे ‘नो व्हीकल जोन’
कार्यक्रम स्थल के आसपास के कुछ हिस्सों को पूरी तरह ‘नो व्हीकल जोन’ बनाया गया है, यानी यहां पैदल ही जाना होगा:
- छत्री तिराहा से भोजशाला मार्ग: वाहन केवल अनाज मंडी गेट तक आ सकेंगे। अनाज मंडी से अखंड ज्योति तक सभी वाहनों पर बैन रहेगा।
- नालछा दरवाजा से भोजशाला मार्ग: वाहन केवल पौ चौपाटी तक आ सकेंगे। पौ चौपाटी से भोजशाला तक नो व्हीकल जोन रहेगा।
- भोजकन्या तिराहा से विक्रम नगर तिराहा तक का पूरा मार्ग पूरी तरह वाहनों के लिए बंद रहेगा।
धार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का चयन करें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
