Headlines

बदमाशों का आतंक : चलती बाइक पर मारी लात, मासूम बच्चे के सामने मां से लूट

शादी से लौट रहे परिवार से 5 हजार और चांदी के कड़े ले गए अज्ञात 6 बदमाश

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शादी समारोह से लौट रहे एक हंसते-खेलते परिवार को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने अपनी दहशत का शिकार बना लिया। फिल्मी अंदाज में पीछा कर बदमाशों ने चलती बाइक पर लात मारी, जिससे पूरा परिवार सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाश रुपयों और गहनों से भरा बैग लूटकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

ओवरटेक की कोशिश, सूझबूझ भी नहीं आई काम

घटना 22 मई की रात करीब 8 बजे की है। फरियादिया अपने पति कन्हैया सोलंकी और मासूम बेटे प्रियांशु के साथ ग्राम पीपरी में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर ‘चिलवा’ लौट रही थी। जैसे ही उनका परिवार कुक्षी-बाग रोड पर ग्राम पाडलिया और नैनगांव फाटे के पास पहुंचा, पीछे से काल बनकर आए दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। दोनों बाइकों पर 3-3 लोग सवार थे। बदमाशों को ओवरटेक करता देख कन्हैया सोलंकी को खतरे का अहसास हुआ और उसने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी बाइक तुरंत वापस बाग की तरफ मोड़ दी।

पीछा कर मारी लात, सड़क पर गिरा परिवार

बदमाश लूट के इरादे से आए थे, इसलिए उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कन्हैया की बाइक का पीछा किया और चलती गाड़ी में जोरदार लात मार दी। लात लगते ही कन्हैया, उसकी पत्नी और बच्चा चलती बाइक सहित सड़क पर अनियंत्रित होकर गिर पड़े।

लूट की वारदात: परिवार के संभलने से पहले ही बदमाशों ने महिला के हाथ से सफेद रंग का बैग छीन लिया। बैग में 5,000 रुपए नगद, कपड़े और दो चांदी के कड़े रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देकर छहों बदमाश रात के अंधेरे में फरार हो गए।

लूट की कमान और पुलिसिया कार्रवाई

विवरण जानकारी
घटना स्थल कुक्षी-बाग रोड, नैनगांव फाटे के पास, ग्राम पाडलिया
धारा (BNS) 310(2) (भारतीय न्याय संहिता)
आरोपी अज्ञात (दो बाइकों पर सवार 6 लोग)

कायमी में देरी की वजह

घटना 22 मई की है, लेकिन पुलिस ने मामला 25 मई की रात 10:32 बजे दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, बाइक से गिरने के कारण फरियादिया और उसका परिवार घायल हो गया था, जिनका इलाज चल रहा था। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पहले ‘देहाती नालसी’ (प्रारंभिक शिकायत) दर्ज की, जिसके बाद बाग थाने में धारा 310(2) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है।

फिलहाल, बाग थाना पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर अज्ञात लुटेरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीण इलाकों में इस वारदात के बाद से राहगीरों में खौफ का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *