Headlines

राजगढ़ में शादी का झांसा देकर शोषण और फिर जान की धमकी, 2 अपहरण, 2 छेड़छाड़ मामले दर्ज

पांच थानों में दर्ज हुए संगीन अपराध, महिला संबंधी अपराधों और अपहरण मामलों में एफआईआर दर्ज

धार। धार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में महिला संबंधी अपराध, छेड़छाड़ और अपहरण से जुड़े पांच अलग-अलग गंभीर मामले सामने आए हैं। इन मामलों में राजगढ़, धामनोद, नालछा, बदनावर और अमझेरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। इन घटनाओं में कहीं शादी का झांसा देेकर भील समाज की पीड़िता के शोषण का मामला है, तो कहीं युवतियों से छेड़छाड़ और अज्ञात आरोपियों द्वारा अपहरण की घटनाएं शामिल हैं।

राजगढ़ में शादी का झांसा देकर शोषण और धमकी

थाना राजगढ़ के अंतर्गत वैभव कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान में पिछले दो साल (01 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2025 तक) से एक युवती के शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। आरोपी पीयूष राठौड़ (निवासी ग्राम धुलेट, राजगढ़) ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए, जिससे पीड़िता का एक 5 माह का पुत्र भी है। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने “तुम भील समाज की हो, मैं शादी नहीं कर सकता” कहकर उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता द्वारा टाइप शुदा आवेदन देने के बाद पुलिस ने 15 जून 2026 को आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(3) और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

धामनोद और नालछा में अपहरण के दो अलग-अलग मामले दर्ज

जिले के दो अलग-अलग थानों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस (अपहरण) के तहत केस दर्ज किए गए हैं। धामनोद के ग्राम सुन्द्रेल बयडीपुरास के निवासी मिथुन भील (37 वर्ष) के घर से 15 जून की सुबह 10 बजे एक अज्ञात आरोपी द्वारा घटना को अंजाम दिया गया, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

नालछा के ग्राम ज्ञानपुरा (थाना मांडव) के निवासी बुद्धेसिंह बघेल (35 वर्ष) की शिकायत पर भी नालछा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना 10 जून को नालछा में महेंद्र मंडलोई के घर के पास हुई थी। फरियादी के थाना आने पर 15 जून को इस मामले की एफआईआर दर्ज की गई।

युवती को घूरने और ‘आई लव यू’ का पर्चा देने वाला आरोपी नामजद

थाना बदनावर क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ का एक मामला सामने आया है, जहां बडनगर निवासी आरोपी सद्दाम हुसैन पीड़िता को बुरी नजर से घूरता था और गंदे इशारे करता था। 15 जून की सुबह आरोपी ने पीड़िता को एक कागज का टुकड़ा दिया, जिस पर “मैं तुमसे मोहब्बत करता हूँ, मैं आपसे बात करूंगा और आई लव यू” लिखा था। बदनावर पुलिस ने आरोपी सद्दाम के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(2) और 79 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अमझेरा में घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़

थाना अमझेरा के अंतर्गत कपास्थल निवासी कन्हैया उर्फ काना उर्फ कृष्णा डामर ने 14 जून को पीड़िता के घर में घुसकर पीछे से उसकी बांह पकड़ ली। पीड़िता द्वारा डांटने और धक्का देकर भागने पर आरोपी ने उसे किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पीड़िता ने पहले राजगढ़ थाने में शिकायत की थी, जहां से ‘जीरो की एफआईआर’ ऑनलाइन प्राप्त होने के बाद 15 जून को अमझेरा पुलिस ने आरोपी कन्हैया के खिलाफ धारा 74, 351(3) और 333 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

धार जिले में एक ही दिन के भीतर महिला अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े इन पांच मामलों के दर्ज होने से स्थानीय प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और अधिक सतर्क हो गई है। महिला सुरक्षा और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के खिलाफ हुए इन अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। इन मामलों के कोर्ट में जाने पर आरोपियों को कड़ी सजा मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और महिला सुरक्षा व सामाजिक न्याय सुदृढ़ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *