परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तय किए पार्किंग स्थल
धार। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (Re-NEET UG – 2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए धार जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आगामी 21 जून को होने वाली इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए आज जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शहर के तीनों प्रमुख परीक्षा केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस बार धार जिले में कुल 1,661 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर, नोडल अधिकारी (उप पुलिस अधीक्षक) गगन हनवत, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई और यातायात प्रभारी प्रेमसिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों ने एक्सीलेंस स्कूल क्रमांक-01, एक्सीलेंस स्कूल क्रमांक-02 (घोड़ा चौपाटी) और शासकीय पी.जी. कॉलेज धार का दौरा किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास मार्ग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता नहीं होनी चाहिए।

परीक्षा के दिन शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस प्रशासन ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं, जो इस प्रकार हैं:
- उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1: इस केंद्र के परीक्षार्थियों के वाहनों की पार्किंग लालबाग परिसर तथा संदीपनी विद्यालय में होगी।
- शासकीय आनंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (क्रमांक 2): यहाँ के परीक्षार्थियों के वाहनों के लिए किला मैदान (गेट क्रमांक-01 के अंदर) पार्किंग तय की गई है।
- पी.जी. कॉलेज धार: इस केंद्र के परीक्षार्थियों और पालकों के वाहनों की पार्किंग ऑडिटोरियम परिसर के अंदर उपलब्ध रहेगी।
यातायात पुलिस ने सभी परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
प्रशासन द्वारा समय रहते की गई इस कड़े निरीक्षण और विस्तृत ट्रैफिक प्लानिंग का सीधा असर परीक्षा के दिन देखने को मिलेगा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों और स्ट्रांग रूम की निगरानी से जहां परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और लीक-प्रूफ माहौल में संपन्न हो सकेगी, वहीं तय की गई पार्किंग व्यवस्था से परीक्षा के दिन शहर के मुख्य मार्गों और घोड़ा चौपाटी जैसे व्यस्त इलाकों में जाम की स्थिति नहीं बनेगी। इससे 1,661 परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को बिना किसी मानसिक तनाव के समय पर केंद्र तक पहुँचने में मदद मिलेगी।
