पैशाब के बहाने रुका, अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ था फरार
धार। हथकड़ी पहनकर पुलिस की आंखों में धूल झोंकना और फरार हो जाना किसी फिल्मी सीन जैसा लग सकता है, लेकिन धामनोद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस ‘फरार खेल’ का अंत कर दिया है। महाराष्ट्र पुलिस की अभिरक्षा (कस्टडी) से चकमा देकर भागे शातिर चोर को धार जिले की धामनोद पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा है।
मामला क्या था
यह घटना बीते 7 अप्रैल 2026 की है, जब महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर थाने की पुलिस चोरी गए एक डम्पर की बरामदगी के लिए आरोपी फरीयाद खान (पिता मंजूर खान, निवासी बलगांव, खरगोन) को इंदौर लेकर आई थी। इंदौर से वापस लौटते समय एबी रोड पर खलघाट टोल प्लाजा के आगे राजपूताना होटल के पास आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाया। जैसे ही वाहन रुका, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर हथकड़ी समेत पुलिस कस्टडी से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर धामनोद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण ठाकरे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल/लोकेशन) की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धरमपुरी क्षेत्र में दबिश देकर फरार आरोपी फरीयाद खान को गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक राहुल चौहान, प्रधान आरक्षक दीपेन्द्रसिंह ठाकुर, आरक्षक रविन्द्र सोलंकी और रविन्द्र जमरे की मुख्य भूमिका रही।
पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कस्टडी से भागने का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी से न केवल महाराष्ट्र पुलिस ने राहत की सांस ली है, बल्कि हाइवे और आस-पास के क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के बीच यह कड़ा संदेश गया है कि पुलिस की कस्टडी से भागकर कानून से बचना नामुमकिन है। आरोपी को जल्द ही अग्रिम कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस को सौंपा जा सकता है।
Join my WhatsApp group. https://chat.whatsapp.com/
website : jansamacharmp.com
