अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना कुलदीप पर था 10 हजार इनाम, एमपी से महाराष्ट्र तक फैला था नेटवर्क
धार। पुलिस की मुस्तैदी और फिल्मी स्टाइल में पीछा करने के बाद आखिरकार टांडा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लूट, डकैती, नकबजनी और शराब तस्करी जैसे 9 से अधिक गंभीर मामलों में वांछित कुख्यात स्थायी वारंटी और अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गुरुवार 25 जून को टांडा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम गेट्टा में दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी कुलदीप उर्फ गोलू (पिता राधेश्याम डोडवे, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम गेट्टा) खेतों के रास्ते पहाड़ियों की तरफ भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका काफी दूर तक पीछा किया, घेराबंदी की और बमुश्किल उसे दबोच लिया।
मप्र से लेकर महाराष्ट्र तक फैला था कुलदीप का नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप भील जाति से है और उसका आपराधिक नेटवर्क मध्य प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक फैला हुआ था। वह मध्य प्रदेश के धार जिले के टांडा, बाग, मनावर, राजोद, बदनावर और महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग थाने में दर्ज कई गंभीर मामलों में वांछित था। विभिन्न न्यायालयों द्वारा उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए गए थे, और थाना मनावर के एक मामले में वह उद्घोषित फरार भी था। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में चोरी, नकबजनी, आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
इस कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों और अंतरराज्यीय गैंग की गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद है। टांडा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना संबंधित थानों सहित महाराष्ट्र पुलिस को भी भेज दी है, जिससे वहां दर्ज मामलों में भी आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ का रास्ता साफ हो गया है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय रावत के साथ एएसआई रामसिंह हटिला, प्रधान आरक्षक रामसिंह सस्तिया, प्रधान आरक्षक सिरदार और आरक्षक सुनील खराड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Join my WhatsApp group. https://chat.whatsapp.com/
website : jansamacharmp.com
