Headlines

मर्डर मिस्ट्री 24 घंटे में सुलझी : शराब के विवाद में गला रेतकर हत्या करने वाला आरोपी डेहरीपुरा के जंगल से गिरफ्तार

टांडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी मांगीलाल गुजरात भागने की फिराक में था

धार। जिले के अंतर्गत थाना टांडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम डोभनी में हुई सनसनीखेज हत्या के आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। शराब पीने के दौरान हुए मामूली गाली-गलौज और विवाद ने इस खूनी वारदात का रूप ले लिया। आरोपी वारदात को अंजाम देकर जंगल में छिप गया था और अगली सुबह गुजरात भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

यह वारदात 12 जुलाई रविवार की रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच की है। टांडा-डोभनी रोड पर झेतु अनारे के खेत के सामने, आम के पेड़ के नीचे आरोपी मांगीलाल (पिता भूरसिंह/किशन मेहड़ा, निवासी डोभनी) ने अज्ञात तात्कालिक कारण व विवाद के चलते 55 वर्षीय गुलाबसिंह (पिता किशन भूरिया, निवासी डोभनी) की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद 13 जुलाई सोमवार को मृतक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने देहात नालसी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का असल अपराध दर्ज किया।

वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सुनील गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी मांगीलाल डेहरीपुरा के जंगल में छिपा हुआ है। इस पर थाना प्रभारी टांडा निरीक्षक संजय रावत ने पुलिस टीम के साथ रात में ही जंगल में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय रावत के साथ सहायक उप निरीक्षक योगेंद्र मावी, प्रधान आरक्षक माधव सिंह वसुनिया, प्रधान आरक्षक बच्चू सिंह, आरक्षक सुनील पवार, आरक्षक निलेश सपल, आरक्षक सिद्धार्थ गोरे और आरक्षक दिलीप मंडलोई की मुख्य भूमिका रही। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी मांगीलाल को 14 जुलाई मंगलवार को माननीय न्यायालय कुक्षी के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां से उसे जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *