धार। युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और एक स्वस्थ, सुरक्षित समाज की नींव रखने के लिए धार जिला पुलिस ने एक बार फिर मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामयी समारोह के साथ ही पूरे जिले में पंद्रह दिनों तक चलने वाले इस नशामुक्ति महा-यज्ञ की शुरुआत हो गई है, जिसका उद्देश्य हर नागरिक को जागरूक कर सामाजिक बदलाव लाना है।
धार जिले को नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 15 जुलाई बुधवार को “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इस मुहीम की शुरुआत पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, धार से एक विशाल बाइक और प्रचार रैली को हरी झंडी दिखाकर की गई, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस गरिमामयी कार्यक्रम में कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से सम्मिलित हुए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के विनाशकारी दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना तथा समाज में एक सकारात्मक चेतना जगाना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है जो युवाओं की ऊर्जा को गलत दिशा में मोड़ देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर उन्हें एक बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएं।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को शारीरिक रूप से खत्म नहीं करता, बल्कि उसके पूरे हंसते-खेलते परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करें, एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और इस नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ एकजुट रहने की गंभीर शपथ दिलाई गई।
इसके पश्चात, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा जन-जागरूकता प्रचार वाहन एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो नगर के मुख्य मार्गों से संदेश देते हुए गुजरी।

एनसीसी कैडेट्स ने निकाली बाइक रैली
समारोह के बाद जन-जागरूकता को जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए एनसीसी कैडेट्स द्वारा एक बाइक रैली और जन-जागरूकता प्रचार वाहन को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पीजी कॉलेज परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। कैडेट्स ने नारों और पम्फलेट्स के माध्यम से “नशा छोड़ो, जीवन अपनाओ” का संदेश सीधे आम नागरिकों तक पहुँचाया, जिसका शहरवासियों ने भी गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह अभियान आगामी 30 जुलाई तक एक व्यापक रणनीति के तहत काम करेगा। आगामी दिनों में जिले के शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट, हस्ताक्षर अभियान, पोस्टर, बैनर और पम्पलेट के माध्यम से संदेश फैलाया जाएगा। पुलिस प्रशासन इस अभियान में सामाजिक न्याय विभाग, जिला चिकित्सालय, ब्रह्माकुमारी संस्थान और गायत्री परिवार जैसी संस्थाओं को भी जोड़ रहा है।
भविष्य के कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटक, बौद्धिक सत्र, चित्रकला, भाषण और सोशल मीडिया व आकाशवाणी पर एसपी की विशेष अपील के प्रसारण के साथ-साथ उन लोगों के अनुभवों को भी साझा किया जाएगा जिन्होंने सफलतापूर्वक नशे की लत को छोड़कर एक नया और खुशहाल जीवन अपनाया है। इससे समाज में एक सकारात्मक और दीर्घकालिक सुधार देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डे, एसडीएम अंकिता प्रजापत, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर, उप पुलिस अधीक्षक आनंद तिवारी, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई, डॉ. आशीष चौहान, डॉ. सुदीप मित्तल, एस.एस. बघेल, डॉ. आयशा खान, प्रो. के.एस. चौहान, नरेश राज पुरोहित, यातायात निरीक्षक प्रेमसिंह ठाकुर, थाना प्रभारी नौगांव राजललन मिश्रा, पुलिस विभाग एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड तथा पीजी कॉलेज धार के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अभियान का मूल संकल्प: “नशे से दूरी है ज़रूरी, स्वस्थ युवा ही राष्ट्र की मजबूती।”

