Headlines

स्मार्ट पुलिसिंग की ओर धार के कदम : आधुनिक टैबलेट से लैस हुए 7 थानों के विवेचक, घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्यों का होगा संकलन

डिजिटल साक्ष्यों से मजबूत होगी जांच प्रणाली

धार। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के तहत पुलिस आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए धार पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिले के थानों में विवेचना (अनुसंधान) कार्य को अधिक प्रभावी, त्वरित और तकनीक आधारित बनाने के लिए विवेचकों को अत्याधुनिक टैबलेट प्रदान किए गए हैं।

यह आयोजन रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धार में किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा द्वारा जिले के विभिन्न थानों के विवेचकों को इन टैबलेट्स का वितरण किया गया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर सहित कई अनुविभागीय अधिकारी और थानों के निरीक्षक उपस्थित रहे।

इन थानों के विवेचकों को मिली नई तकनीक

इस विशेष आधुनिकीकरण अभियान के तहत थाना कोतवाली, नौगांव, तिरला, सरदारपुर, राजगढ़, कानवन एवं सादलपुर के विवेचकों को टैबलेट प्रदान किए गए। अब इन थानों के विवेचक पारंपरिक कागजी कार्रवाई के साथ-साथ डिजिटल उपकरणों का उपयोग कर जांच को आगे बढ़ाएंगे।

पारदर्शिता और गुणवत्ता पर एसपी का जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक का समुचित उपयोग पुलिस अनुसंधान को अधिक दक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध बनाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे इन टैबलेट का अधिकतम उपयोग करते हुए विवेचना को वैज्ञानिक और डिजिटल स्वरूप प्रदान करें।

घटनास्थल से ही सीधे ऑनलाइन अपडेट की सुविधा

इस नई व्यवस्था के बाद विवेचक अब घटनास्थल पर ही आवश्यक जानकारी और डिजिटल साक्ष्यों का संकलन कर सकेंगे। इसके साथ ही विभिन्न पुलिस एप्लीकेशनों के माध्यम से दस्तावेजों का ऑनलाइन संधारण और विवेचना संबंधी कार्यों का त्वरित निष्पादन मौके से ही किया जा सकेगा।

त्वरित न्याय और स्मार्ट पुलिसिंग

विवेचकों के हाथ में टैबलेट आने से भविष्य में अनुसंधान कार्य की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के त्वरित संकलन से अदालती कार्यवाही में तेजी आएगी, जिससे आमजन को भी शीघ्र, पारदर्शी और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *