Headlines

जलप्रदाय योजना को झटका : ट्रांसफार्मर फोड़कर 4.90 लाख रुपए का तेल और कॉपर चुरा ले गए चोर

पेयजल को सुचारू रखने के लिए लगाया था पंपहाऊस पर 315 केवी का ट्रांसफार्मर

धार। पर्यटन नगरी मांडव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अब्दुलपुरा इलाके में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़े घटनाक्रम को अंजाम दिया है। नगर परिषद की जल प्रदाय योजना के निर्माणधीन पंपहाउस पर लगे 315 KV के विशालकाय ट्रांसफार्मर को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।

यह घटना शुक्रवार-शनिवार दरमियानी देर रात करीब 01.00 बजे की है। घटना स्थल थाना मांडव से लगभग 07 किलोमीटर दक्षिण दिशा में स्थित ब्राम्हणपुरी अब्दुलपुरा फॉरेस्ट चौकी के पास का है। फरियादी रवि भूरिया (पिता शिवराम भूरिया, उम्र 35 वर्ष, निवासी इंद्रानगर) की शिकायत पर मांडव पुलिस ने धारा 136 विद्युत अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी द्वारा शनिवार शाम करीब 06.32 बजे थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने कायमी की।

बदमाशों ने ट्रांसफार्मर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर उसमें से 1 लाख रुपये का ऑयल, 3 लाख 50 हजार रुपये की कॉपर पत्ती और 40 हजार रुपये की कॉपर प्लेट चुरा ली। चोरी गए कुल मशरूके (सामान) की अनुमानित कीमत 4 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।

नगर परिषद मांडव की जल प्रदाय योजना के तहत यहाँ 315 KV का ट्रांसफार्मर लगाया गया था, ताकि पंपहाउस को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। इस चोरी और ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने से योजना के कार्य और आगामी जल आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ने की संभावना है। फिलहाल मांडव पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *