बचाने आई बहन पर भी चार आरोपियों ने लकड़ी, पत्थरों से किया हमला
धार। पुरानी रंजिश के चलते एक बार फिर कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का मामला सामने आया है। मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया (चौकी उमरबन) में मामूली बात को लेकर भड़की हिंसा में पांच लोगों ने मिलकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि कुल्हाड़ी, लकड़ी और पत्थरों से हमला कर चार लोगों को लहूलुहान कर दिया।
घटना 13 अगस्त गुरुवार की रात लगभग 8:30 बजे ग्राम बड़िया स्थित घायल संजय पटेल के घर के बाहर (थाना मनावर से 5 किमी उत्तर) घटी। पीड़ित सुखलाल (33 वर्ष), निवासी लवाणी नयापुरा, के अनुसार आरोपी सजन मण्डलोई, प्रकाश मण्डलोई, ओम मण्डलोई, पप्पू मण्डलोई और छोटू मण्डलोई ने पुरानी रंजिश के चलते उनके भांजे संजय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रकाश ने पास पड़ी कुल्हाड़ी से संजय के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। जब सुखलाल, उनका भांजा गौरव और बहन सूरज बाई बीच-बचाव करने पहुँचे, तो आरोपियों ने उन पर भी लकड़ी, थप्पड़-मुक्कों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में चारों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। जाते-जाते सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत के बाद मनावर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात सभी पांचों नामजद आरोपियों सजन, प्रकाश, ओम, पप्पू और छोटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 118(1), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व लाठियों की जब्ती के प्रयास में जुट गई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और इस तरह की पुरानी रंजिशों से उपजने वाले अपराधों पर लगाम कसने के लिए पुलिस गांव में निगरानी बढ़ा सकती है।
