Headlines

‘अपडेट’ होते ही खुद चलने लगा मोबाइल और खाते से कटे 49 हजार रुपए 

पहले ट्रांसफर किए 50 हजार, फिर दो किश्तों में उड़ाए खाते से रुपए

साड़ी व्यापारी के साथ ऑनलाइन ठगी, थाने में प्रकरण दर्ज

धार। मोबाइल में अचानक आए एक अनजान ‘अपडेट’ ने कुक्षी के एक कपड़ा व्यापारी के होश उड़ा दिए। देखते ही देखते स्क्रीन अपने आप चलने लगी, फोन हैक हुआ और कुछ ही मिनटों में खाते से मोटी रकम कट गई। फरियादी की शिकायत पर कुक्षी पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुक्षी के भट्टी मोहल्ला (मुखर्जी मार्ग) निवासी 31 वर्षीय जुनैद खत्री, जो सिनेमा चौपाटी पर ‘अपना कलेक्शन’ नाम से साड़ी की दुकान चलाते हैं, 7 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 11:40 बजे अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन में अचानक अपडेट होने लगा और स्क्रीन खुद-ब-खुद काम करने लगी। फोन बंद करने की कोशिश के बावजूद वह नियंत्रित नहीं हुआ।

खाते से ऐसे निकाले गए रुपये

फरियादी के अनुसार, जब उन्होंने अपना फोनपे ऐप जांचा, तो पहले जाधव सुहासिनी प्रकाश के नाम से उनके एक्सिस बैंक खाते में 50,000 रुपये प्राप्त हुए दिखे। इसके तुरंत बाद अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दो अलग-अलग लेनदेन के जरिए आशीष सिंह कुशवाह के खाते में 70,000 रुपये और अंजली एम के खाते में 29,000 रुपये (कुल 99,000 रुपये) ट्रांसफर कर लिए गए। इस तरह फोन हैक कर व्यापारी के साथ कुल 49,000 रुपये की शुद्ध वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई और परिजनों को मामले की सूचना दी। कुक्षी थाना पुलिस ने प्राप्त ई-जीरो एफआईआर क्रमांक 0652/2026 के आधार पर असल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *