अतिथियों ने पौधारोपण कर किया छात्राओं के साथ सहभोज
धार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक अनोखा मामला सामने आया। एक प्रतिभावान स्कूली बालिका ने एक खुबसूरत पेंटिंग बनाई, जिसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, महान स्वतंत्रता सैनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस के चित्रों के साथ आन–बान–शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को बेहद खुबसूरती से उकेरा गया। इस पेंटिंग को बालिका ने कलेक्टर राजीव रंजन मीना को आदरपूर्वक भेंट किया। राज्य शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त को जिले में पीएम पोषण कार्यक्रम (मध्यान्ह भोजन) को एक उत्सव के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, धरावरा में एक विशेष और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, धरावरा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक विशेष और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास की एक बालिका ने अपने बीच जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों को एक साथ पाकर छात्रावास की छात्राओं में प्रसन्नता दिखाई दी। स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय समारोह के दौरान देशभक्ति का एक अनूठा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में एक प्रतिभावान स्कूली बालिका ने जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना को अपने हाथों से बनाई गई एक विशेष पेंटिंग आदरपूर्वक भेंट की। इस कलाकृति में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्रों के साथ आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को बेहद खूबसूरती से उकेरा गया है। पेंटिंग के माध्यम से अमर शहीदों के बलिदान और स्वतंत्रता दिवस के महत्व को सजीव किया गया है।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बालिका की इस सुंदर कलाकृति और उसके भीतर छिपी देशभक्ति की भावना की से सराहना की। उन्होंने बालिका को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कला के प्रति उसके समर्पण को प्रेरणास्पद बताया।
पारंपरिक स्वागत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुतियां
छात्रावास पहुँचने पर बालिकाओं ने हर्षोल्लास के साथ पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर छात्रावास परिसर में कलाकारों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने समां बांध दिया।
पौधारोपण और सहभोज का अनूठा आयोजन
कार्यक्रम में विधायक धार नीना वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, वनमण्डलाधिकारी विजयानंथम टीआर एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। गरिमामयी उपस्थिति के बीच अतिथियों ने सर्वप्रथम छात्रावास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया। इसके पश्चात उन्होंने पीएम पोषण कार्यक्रम (मध्यान्ह भोजन) के अंतर्गत छात्रावास की नन्ही छात्राओं के साथ बैठकर आत्मीयता के साथ सहभोज किया।
