Headlines

सावधान ! सिंहस्थ वॉलंटियर्स भर्ती के नाम पर चल रहा फर्जीवाड़ा, होमगार्ड कमांडेंट ने जारी की चेतावनी

ऑनलाइन सेंटरों पर वसूली के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी

धार। सोशल मीडिया पर सरकारी नौकरी के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है, जहां सिंहस्थ वॉलंटियर्स की भर्ती के नाम पर युवाओं को गुमराह कर पैसे ऐंठे जा रहे हैं। यदि आप भी किसी ऑनलाइन सेंटर पर सिंहस्थ वॉलंटियर का फॉर्म भरने के लिए पैसे दे रहे हैं, तो रुक जाइए क्योंकि यह पूरी तरह से एक भ्रामक और असत्य सूचना है।

​धार जिले में 16 अगस्त को डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आरपी मीना ने इस मामले का खुलासा करते हुए स्थिति स्पष्ट की। संज्ञान में आया है कि जिले के कुछ ऑनलाइन सेवा केंद्र आवेदकों से 100 से 150 रुपए तक की फीस वसूल रहे हैं और फॉर्म भरकर धार स्थित होमगार्ड कार्यालय में जमा कराने भेज रहे हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि मध्य प्रदेश शासन या डायरेक्टर जनरल, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा आपदा प्रबंधन मुख्यालय, जबलपुर द्वारा ऐसी किसी भी भर्ती का आदेश जारी नहीं किया गया है।

पुलिस भर्ती नहीं, निस्वार्थ सेवा है वॉलंटियर व्यवस्था

अधिकारियों के अनुसार, सिंहस्थ वॉलंटियर्स का चयन किसी भी प्रकार से पुलिस भर्ती की श्रेणी में नहीं आता। ‘सिविल डिफेंस एक्ट 1968’ के तहत नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक (Civil Defence Volunteers) बिना किसी नियमित वेतन के केवल स्वेच्छा से आपदा, आपातकाल या संकट के समय समाज और देश की सेवा के लिए जुड़ते हैं।

भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनाधिकृत दावों या अफवाहों के झांसे में न आएं। सेवा भाव से जुड़ने के इच्छुक नागरिक केवल आधिकारिक ‘My Bharat’ पोर्टल या civildefencewarriors.gov.in पर जाकर ही अपना निशुल्क पंजीकरण कराएं। साथ ही, गलत जानकारी फैलाकर युवाओं को ठगने वाले तत्वों और ऑनलाइन केंद्रों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *