महिला ने पिया जहर, पति समेत दो पर केस दर्ज
धार। एक बेबुनियाद टिप्पणी और उसके बाद घर में उपजे शक के माहौल ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। चरित्र पर उठी झूठी बातों और पति द्वारा किए गए शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर एक विवाहिता ने जहर पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मृतिका के पति और टिप्पणी करने वाले आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम ढाल की है। 24 जुलाई की सुबह करीब 7:00 बजे आरोपी लाखन कवार के घर पर यह घटना घटी, जहां उसकी पत्नी शारदा कवार ने विषैला पदार्थ पी लिया था। मामले में धामनोद पुलिस ने मर्ग जांच के उपरांत 22 अगस्त शनिवार की शाम 7:06 बजे आरोपी पति लाखन (निवासी ग्राम ढाल) और टिप्पणी करने वाले महेश कर्मा (निवासी ईमलापुरा, थाना नालछा) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 और 79 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मृतिका शारदा और आरोपी महेश के बीच कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद महेश ने शारदा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और स्वतंत्र साक्षी अजय के साथ उसके संबंध होने की झूठी बात कही। इस बात की जानकारी मिलते ही पति लाखन को अपनी पत्नी पर गंभीर शंका हो गई। लाखन ने महेश को फोन कर इस संबंध में बात करने का प्रयास किया और फिर अजय व शारदा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की।
चरित्र शंका के चलते लाखन ने शारदा के साथ गंभीर मारपीट और झगड़ा किया। विवाद बढ़ने पर इसकी सूचना मायके पक्ष को भी दी गई। लगातार प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर शारदा ने जहर पी लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग क्रमांक 128/2026 दर्ज कर जांच की गई थी, जिसमें दोनों आरोपियों द्वारा शारदा को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना पाया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
