Headlines

कानवन क्षेत्र में ताश के पत्तों और सट्टा पर्चियों पर दांव लगाते 11 दबोचे, 3 फरार

धार। जिले में बेखौफ चल रहे जुआ और सट्टा के अवैध नेटवर्क पर कानवन पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारकर करारा प्रहार किया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से दांव पर लगी नकदी, ताश के पत्ते और सट्टा पर्चियां जब्त करते हुए कुल 11 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा।

पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के जिले भर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश के तहत, 4 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया के नेतृत्व में कानवन पुलिस टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया:

  • ​नई बिडवाल (जुआ) : रामदेव मंदिर के पीछे दबिश देकर जितेन्द्र पाटीदार, जीवन दायमा और कैलाश पाटीदार को ताश के पत्तों से जुआ खेलते पकड़ा गया। इनके पास से 4,480 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए।
  • ​बिडवाल (सट्टा) : महेन्द्र बड़वई के ढाबे के पीछे अवैध रूप से सट्टा अंक पर्ची लिख रहे शंकर यादव, राजेश देवदा, ईश्वर कटारा और रितेश मोरी को गिरफ्तार किया गया। मौके से 5,070 रुपए नकद व 05 सट्टा पर्चियां जब्त की गईं, जबकि महेन्द्र राजपूत, आशीष राजपूत और विक्रम भील फरार होने में सफल रहे।
  • ​पाजापाड़ा इंद्रावल (जुआ) : तीसरी टीम ने दबिश देकर महेश डामर, राधेश्याम बंजारा, भंवरलाल गामड़ और मायाराम कटारा को ताश से जुआ खेलते गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6,290 रुपए नकद तथा 52 ताश के पत्ते मिले।

​तीनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 15,840 रुपए नकद, 104 ताश के पत्ते और 05 सट्टा अंक लिखी पर्चियां जब्त कर कुल 3 प्रकरण दर्ज किए हैं।

​पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में अवैध धंधा संचालित करने वालों में साफ संदेश गया है कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन अब मौके से भागे तीनों नामजद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहा है, वहीं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *