रातभर धरने के बाद प्रबंधन और परिजनों में बनी बात
मुआवजे पर सहमति के बाद शांत हुआ आक्रोश
धार। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में नाइट ड्यूटी पर गए एक 20 वर्षीय श्रमिक की जिंदगी पल भर में खत्म हो गई। ओसवाल कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में काम के दौरान युवक मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री परिसर में रातभर डेरा डाले रखा। तड़के प्रबंधन और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद स्थिति संभली।
हादसा सेक्टर-3 स्थित ओसवाल कास्टिंग कंपनी में बीती रात करीब 8 बजे हुआ। मूल रूप से सागर निवासी और वर्तमान में कालीबिलोद में रह रहे कल्पेश साहू (20 वर्ष), पिता जवाहर साहू, नाइट शिफ्ट में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक कास्टिंग मशीन में दब गए। गंभीर चोटें आने के कारण कल्पेश ने कार्यस्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सागौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीथमपुर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण कंपनी के बाहर एकत्रित हो गए और धरने पर बैठ गए। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। रातभर चली खींचतान के बाद रविवार तड़के करीब 3 बजे कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत हुई, जिसमें मुआवजे को लेकर सहमति बनी। इसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए।
सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे के अनुसार, कल्पेश पिछले करीब दो-ढाई साल से कंपनी में मशीन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और विधिवत धाराओं में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
अब पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग इस बिंदु पर जांच कर रहे हैं कि यह हादसा मशीन की किसी तकनीकी खराबी से हुआ या फिर कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल की अनदेखी की गई थी। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि कंपनी प्रबंधन या संबंधित सुपरवाइजर पर सुरक्षा में लापरवाही का कानूनी शिकंजा कसेगा या नहीं।
