Headlines

कुदरत का कहर : खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर ही मौत

धार। रविवार की शाम रोजमर्रा की तरह खेत में काम कर रहे एक परिवार पर आसमान से आफत बनकर बिजली टूट पड़ी। मौसम का मिजाज बदलते ही शुरू हुई बारिश से बचने का मौका मिलता, उससे पहले ही गिरी आकाशीय बिजली ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जिंदगी छीन ली। इस अचानक हुए हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

​हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे ग्राम पंचायत मुंगेला के अंतर्गत आने वाले गांव ढोलीकुआं में हुआ। यहां रहने वाली 65 वर्षीय चंदाबाई (पति अंबाराम कटारा) अपने परिजनों के साथ खेत पर काम कर रही थीं। उसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और कुछ ही देर में जोरदार गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली सीधे चंदाबाई पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत खेत पहुंचे और महिला को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है, जिसकी प्रक्रिया सोमवार सुबह पूरी की जाएगी। इसके बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाएगा और पुलिस की वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *