लूट की मोटरसाइकिल, चांदी का कड़ा एवं 2,600 नगद जप्त
तीन वारदातों में कुल 1,05,150 रुपए की राशि चोरी/लूट करना कबूला
धार। जिले की अमझेरा थाना पुलिस ने राहगीरों से लूट और फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई बाइक, चांदी का कड़ा और नगदी बरामद की है। पूछताछ में इस गिरोह ने लूट सहित तीन अलग-अलग वारदातों में 1 लाख रुपये से अधिक की राशि पार करने का जुर्म कबूल किया है।
यह पूरी कार्रवाई अमझेरा पुलिस टीम द्वारा धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर की गई। मामले की शुरुआत 6 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे हुई, जब लबरावदा निवासी सीताराम पाटीदार अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल (MP11ZL6930) से ग्वालमगरी से लौट रहे थे। तभी ग्वालमगरी गौशाला रोड पर चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की और बाइक, दो मोबाइल फोन, चांदी का कड़ा व 120 रुपए नगद लूट लिए। फरियादी की रिपोर्ट पर अमझेरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
संदेह के आधार पर पुलिस ने सचिन उर्फ चच्चु (27), दीपक उर्फ दिपु (22) और रंगा खराड़ी (34) को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। आरोपियों ने सीताराम से लूट की बात स्वीकारते हुए अपने एक अन्य फरार साथी करण गोसर का नाम उजागर किया। इसके साथ ही आरोपियों ने LNT फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को निशाना बनाकर की गई दो अन्य चोरियों का भी खुलासा किया। इनमें 3 जून को नयापुरा में महिला कर्मी सपना साकरिया की स्कूटी से बायोमेट्रिक मशीन व 47,150 रुपए और 5 जुलाई को ग्राम कैली में कर्मचारी रवि की बाइक से 58,000 रुपए चोरी करने की वारदातें शामिल थीं। आरोपियों ने तीनों वारदातों से मिले कुल 1,05,150 रुपए आपस में बांटकर खर्च करना बताया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, चांदी का कड़ा और 2,600 रुपए नगद जब्त कर लिए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में गठित टीम अब चौथे फरार आरोपी करण गोसर की धरपकड़ में जुटी है। क्षेत्र में लगातार सक्रिय इस गिरोह की गिरफ्तारी से जहां फाइनेंस कर्मियों और राहगीरों को राहत मिलेगी, वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ यह भी पड़ताल कर रही है कि क्या इस गिरोह ने आसपास के क्षेत्रों में अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में उनि दिलीप खाण्डे, उनि प्रमोद चौहान, सउनि दिवाकरसिंह बैस, प्र.आर. 489 दिनेश भाभर, प्र.आर. 334 अब्दुल रउफ खान, प्र.आर. 261 ललितसिंह चौहान, प्र.आर. 297 कमल डामोर, आर. 926 लालसिंह भाभर, आर. 316 रमेशचन्द्र नायक एवं आर. 619 राहुल चौहान की आरोपियों की गिरफ्तारी एवं मशरुका जप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
