Headlines

सीसीटीवी और मुखबिर के जाल में फंसे वाहन चोर

2.25 लाख की तीन मोटरसाइकिलें बरामद, नाबालिग समेत दो गिरफ्त में

धार। नया बस स्टैंड क्षेत्र से चोरी गईं तीन बाइकों के मामले को राजगढ़ पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। फुटेज की पड़ताल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लेकर चोरी के सभी वाहन बरामद कर लिए हैं।

​यह पूरी कार्रवाई 15 सितंबर को सामने आई चोरी की घटनाओं के बाद हुई। राजगढ़ थाना क्षेत्र के नया बस स्टैंड स्थित श्रीमाया होटल के सामने से अज्ञात चोरों ने अलग-अलग समय पर तीन मोटरसाइकिलें पार कर दी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धार के संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत, थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध अलग-अलग बाइक ले जाते दिखाई दिए।

​धक्का देकर ले जाते समय धरे गए आरोपी

फुटेज और सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दिनेश पिता डूंगर सिंह तड़वला (निवासी ग्राम फरटेडी, थाना राणापुर, जिला झाबुआ) और एक नाबालिग को उस समय पकड़ा, जब वे चोरी की दो बाइक धक्का देकर ले जा रहे थे। पूछताछ में आरोपी दिनेश ने बताया कि उसने पहले चुराई गई एक अन्य बाइक मोहनखेड़ा हेलीपैड के पास छिपाकर रखी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वह वाहन भी जब्त कर लिया।

​जब्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2.25 लाख रुपये मूल्य की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं:

  • ​बजाज मोटरसाइकिल: अनुमानित कीमत 95,000 रुपए
  • ​हीरो होंडा डीलक्स: अनुमानित कीमत 70,000 रुपए ।
  • ​हीरो होंडा डीलक्स: अनुमानित कीमत 60,000 रुपए ।

​कार्रवाई के बाद आरोपी दिनेश को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि बाल अपचारी के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की गई। इस त्वरित खुलासे में उप निरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, नरेश कोटे, एएसआई सैयद अहमद, रईस पठान, आरक्षक जयेंद्र जादौन, दिलीप डुडवे और सैनिक जगदीश कच्छावा की भूमिका रही।

​जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों के बीच पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी, वहीं अंतरजिला सीमाओं से आकर वारदात करने वाले गिरोहों पर भी कड़ा अंकुश लगेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *