साथी की तलाश जारी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
धार। नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के संवेदनशील मामले में कुक्षी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे धर दबोचा।
घटनाक्रम के अनुसार 13 सितंबर को आरोपी राजा धनगर ने अपने साथी विनय उर्फ विकेन धनगर के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से नाबालिग बालिका का अपहरण किया था। आरोपी पीड़िता को बड़वानी जिले के तलुन क्षेत्र में ले गया, जहाँ उसके साथ दुष्कर्म किया गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़िता को कसरावद पुल के पास छोड़कर आरोपी भाग निकले। पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद 16 सितंबर को थाना कुक्षी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 421/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, एएसपी विजय डावर व एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपकसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी निसरपुर जयपाल बिल्लौरे और टीम साइबर सेल धार की मदद से लगातार सुराग जुटा रही थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अपने घर आया हुआ है। पुलिस ने तत्काल दबिश दी; भागने की कोशिश कर रहे आरोपी राजा (20 वर्ष), निवासी ग्राम छोटी कसराद (बड़वानी) को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
इस जघन्य अपराध में शामिल सह-आरोपी विनय उर्फ विकेन धनगर (निवासी तलुन, जिला बड़वानी) फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपी को भी जल्द हिरासत में लेकर पूरे मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ऐसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
