Headlines

धार में कारोबार करना होगा आसान : DBRAP कार्यशाला में सिंगल विंडो सिस्टम और पारदर्शी व्यवस्था पर हुआ मंथन

अपर कलेक्टर की मौजूदगी में DBRAP के तहत कार्यशाला आयोजित

धार। जिले में कारोबार और उद्योग स्थापित करने की राह अब और सुगम बनने जा रही है। लालफीताशाही और अनावश्यक प्रक्रियाओं को हटाकर उद्यमियों को समयबद्ध सेवाएं देने की दिशा में प्रशासन ने ठोस पहल शुरू की है।

​कलेक्टर सभागृह, धार में सोमवार को अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय की अध्यक्षता में DBRAP (डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान) पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। यह आयोजन मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (धार-पीथमपुर) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

​कार्यशाला में MPIDC के प्रतिनिधि पुनीत ने DBRAP के प्रमुख प्रावधानों और उद्देश्यों पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि DBRAP का ढांचा भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा तैयार किया गया है। इसका केंद्रीय लक्ष्य जिला स्तर पर व्यापार प्रक्रियाओं को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है।

​सत्र के दौरान आगामी दिनों में प्रभावी होने वाली सिंगल विंडो प्रणाली की कार्यप्रणाली पर विस्तृत तकनीकी चर्चा हुई। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि विभिन्न विभागों से जुड़े अनावश्यक नियमों को समाप्त कर अनुमतियों और सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराया जाए।

​इस पहल के धरातल पर उतरने के बाद धार और पीथमपुर क्षेत्र में औद्योगिक अनुमतियों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की बाध्यता समाप्त होगी। सिंगल विंडो सिस्टम लागू होने से जहां नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं जिले में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ का दायरा मजबूत होने से स्थानीय स्तर पर नए उद्योगों और रोजगार के अवसरों को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *