Headlines

गणपति घाट पर रैलिंग तोड़ 50 फीट गहरी खाई में गिरी सेवफल से भरी आयशर

आग का गोला बना कैबिन, कूदकर बची चालक-परिचालक की जान

धार। राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट पर मंगलवार की आधी रात उस वक्त चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब सेब से लदा एक तेज रफ्तार वाहन रैलिंग चीरते हुए सीधे 50 फीट गहरी खाई में जा समाया। खाई में गिरते ही वाहन आग के भयानक शोलों में तब्दील हो गया और उसका कैबिन देखते ही देखते राख का ढेर बन गया। गनीमत रही कि मौत को सामने देख चालक और परिचालक ने गजब की फुर्ती दिखाई और चलती गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।

​हादसा मंगलवार देर रात करीब 12 बजे धामनोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गणपति घाट की नई सड़क पर हुआ। इंदौर से धामनोद की दिशा में सेवफल भरकर जा रही एक आयशर गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे लगी मजबूत रैलिंग को तोड़ते हुए लगभग 50 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गया। नीचे गिरते ही वाहन में भीषण आग भड़क उठी, जिसकी लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही धामनोद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दमकल विभाग को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

​हादसे के बाद वाहन में आग किन कारणों से भड़की, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। धामनोद पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के तकनीकी और प्रत्यक्ष कारणों की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि घुमावदार और ढलान भरे गणपति घाट पर आए दिन ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं, जिससे इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति और तकनीकी सुरक्षा को लेकर निरंतर सतर्कता और कड़े सुरक्षा इंतजामों की दरकार बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *