Headlines

खेत में सोयाबीन काटते मजदूरों के सामने आया 12 फीट लंबा अजगर

दो भाइयों ने साहस दिखाकर सुरक्षित पकड़ा, वन विभाग को सौंपा

धार। लहलहाती फसल की कटाई के बीच जब अचानक 12 फीट लंबा और 30 किलो वजनी अजगर रेंगता दिखाई दे, तो किसी के भी होश उड़ना स्वाभाविक है। शुक्रवार को गंधवानी क्षेत्र के एक खेत में सोयाबीन काट रहे मजदूरों के साथ ऐसा ही हुआ। दहशत के माहौल के बीच दो किसान भाइयों ने गजब का धैर्य और साहस दिखाया। उन्होंने न केवल विशालकाय अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला, बल्कि पूरे इलाके को संभावित खतरे से भी बचा लिया।

​यह घटना शुक्रवार को गंधवानी के ग्रामीण क्षेत्र में किसान प्रकाश आर्य के खेत में घटी। सोयाबीन की फसल काट रहे मजदूरों की नजर अचानक मक्का की फसल की ओर बढ़ रहे 10 से 12 फीट लंबे अजगर पर पड़ी। मजदूरों ने तुरंत दूरी बनाते हुए खेत मालिक प्रकाश (पिता लक्ष्मीनारायण आर्य) को फोन पर सूचना दी। प्रकाश अपने चचेरे भाई उत्तम आर्य के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों भाइयों ने हिम्मत दिखाते हुए अजगर की पूंछ पकड़कर उसे खुले खेत की ओर खींचा और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित पकड़कर मंडी परिसर पहुंचाया।

​मंडी परिसर में अजगर को रखने के बाद तुरंत वन विभाग को सूचित किया गया। लगभग दो घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को अपने कब्जे में लिया। टीम ने 30 किलो से अधिक वजनी इस अजगर को सुरक्षित थैले में बंद किया और प्राकृतिक रहवास यानी गहरे जंगल में छोड़ने के लिए रवाना हो गई।

​क्षेत्र में वन्यजीवों की दस्तक का यह कोई पहला मामला नहीं है; महज चार दिन पहले भी पास के ग्राम वासली के एक खेत से विशाल अजगर का रेस्क्यू किया गया था। फसलों की कटाई के सीजन में ग्रामीण इलाकों में लगातार अजगर निकलने की इन घटनाओं ने किसानों और मजदूरों के बीच सतर्कता बढ़ा दी है, जिससे खेतों में काम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *