Headlines

व्हाट्सएप स्टेटस पर महिला को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी, पुलिस ने दर्ज की FIR

धार। सोशल मीडिया पर आपसी रंजिश साधने की कोशिश अब कानूनी फंदे में तब्दील हो गई है। पैसों के पुराने विवाद की आंच जब घर की चौखट लांघकर एक महिला के सम्मान तक पहुंची, तो मामला सीधे पुलिस थाने जा पहुंचा। व्हाट्सएप स्टेटस पर आपत्तिजनक शब्दों का सहारा लेकर किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना एक शख्स को भारी पड़ गया है।

धामनोद पुलिस थाने में 1 अक्टूबर की रात हुई इस घटना को लेकर पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पीड़िता के मुताबिक, उसके पति और आरोपी के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 1 अक्टूबर की रात करीब 8:11 बजे आरोपी ने पीड़िता का नाम लिखकर व्हाट्सएप स्टेटस पर कथित रूप से अश्लील टिप्पणी पोस्ट की। परिचितों द्वारा स्क्रीनशॉट भेजे जाने के बाद पीड़िता ने साक्ष्यों की सत्यापित छायाप्रति सहित थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी पिछले करीब एक महीने से लगातार महिला के पति को लेकर भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा था, जो अंततः महिला के नाम के दुरुपयोग तक पहुंच गया। पुलिस ने स्क्रीनशॉट को जांच का आधार बनाते हुए साक्ष्य संकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं की गरिमा को आहत करने वाले डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी पुष्टि के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *