Headlines

मुंह बांधकर आए 3 नकाबपोश बदमाशों ने उड़ाए चांदी के आभूषण

वारदात CCTV में कैद, फिर भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर

मामला धार के सरदारपुर में जयंती माता मंदिर में बड़ी चोरी का

धार। जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जयंतीमाता मंदिर में अज्ञात बदमाशों द्वारा मंदिर का ताला तोड़कर माताजी के चांदी के आभूषण, छत्र और दानपात्र से चोरी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चेहरे ढके हुए करीब तीन नकाबपोश चोर साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

ताला तोड़कर मंदिर में घुसे चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयंती माता धाम समिति चोटिया बालोद और जयंती माता मंदिर के पुजारी/प्रबंधक भगतदास (55 वर्ष), पिता भगवानदास बैरागी (निवासी ग्राम बिछिया), ने बताया कि घटना वाले दिन अज्ञात बदमाशों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया।

माताजी के मुकुट और छत्र पर साफ किया हाथ

चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर माताजी की मूर्ति पर लगे कई बेशकीमती चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गई सामग्रियों में माताजी के सिर पर लगा चाँदी का मुकुट, एक चाँदी का छोटा कंदोरा, माताजी के कान में पहनाए गए छोटे चाँदी के झुमके, चांदी के छोटे-छोटे तीन छत्र इसके अलावा, चोरों ने मंदिर के अंदर रखी दानपेटी (दानपात्र) को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें रखी नगद राशि लेकर फरार हो गए।

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस की जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फरियादी भगतदास बैरागी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और धारा 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस को मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों से महत्वपूर्ण फुटेज मिले हैं, जिसमें तीन संदिग्ध बदमाश चेहरे पर कपड़ा बांधकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि बदमाशों के चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हुलिए और भागने के रास्तों के आधार पर उनकी तलाश में जुट गई है। स्थानीय समिति और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *