Headlines

अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई : नीम व जलाऊ लकड़ी से भरे 3 वाहन जब्त, केस दर्ज

धार। जिले में वनोपज के अवैध परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से नीम और जलाऊ प्रजाति के ताजे गुटकों से भरे कुल तीन वाहनों को जब्त कर मध्य प्रदेश अभिवहन (वनोपज) परिवहन नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

नागदा फाटा पर दो वाहन पकड़े

डीएफओ विजयानंथम टीआर के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान नागदा फाटा पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, जिनमें बड़ी मात्रा में जलाऊ प्रजाति के ताजे गुटके लदे पाए गए। वाहन चालकों से जब परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। रात का समय होने के कारण वन स्टाफ ने मौके पर जब्ती बनाकर दोनों वाहनों को रेशम केंद्र धार लाकर खड़ा कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सरदारपुर क्षेत्र में नीम की लकड़ी से भरा ट्रक जब्त

इसी तरह एक अन्य कार्रवाई सरदारपुर क्षेत्र में की गई। इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर रात्रि गश्त के दौरान टीम ने एक ट्रक को रोका। तलाशी में ट्रक के भीतर भारी मात्रा में नीम की लकड़ी पाई गई। इसके चालक के पास भी लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया।

यह कार्रवाई उप वन मंडल अधिकारी सुरेश बरोले के मार्गदर्शन में की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रभुराम मुछाला, वनपाल व परिक्षेत्र सहायक बंगरेड जितेंद्र गौड़, वनपाल मनीष गहलोत, वनरक्षक नर्गेश चौहान, राम सिंह कनेल, आकाश बडेरा, कमल रावत सहित परिक्षेत्र स्टाफ की सक्रिय व उल्लेखनीय भूमिका रही। वन विभाग की टीम अब वाहन चालकों से लकड़ियों के स्रोत और गंतव्य को लेकर पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *