विधायक अलावा ने लिया स्वास्थ्य का जायजा, अस्पताल में उपचार जारी
धार। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति और फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के पहले ही दिन एक शासकीय विद्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दवा सेवन के कुछ ही देर बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर बीमार विद्यार्थियों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
मंगलवार को धार जिले के मनावर स्थित एकीकृत शासकीय हाई स्कूल जलखा में एल्बेंडाजोल की गोली खाने के बाद दो छात्राओं और एक छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रामकुमार सोनी के अनुसार, अभियान के तहत कक्षा 6वीं से 10वीं तक के कुल 37 बच्चों को कृमिनाशक दवा दी गई थी। दवा खाने के कुछ समय पश्चात छात्रा पार्वती (14 वर्ष), पायल (13 वर्ष) और छात्र दीपक को तेज पेट दर्द, चक्कर और उल्टी की शिकायत हुई। स्थिति को देखते हुए तीनों बच्चों को तत्काल 108 एंबुलेंस से मनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सरपंच विक्रम मुवेल और बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। सिविल अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष बर्डे ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि से खाली पेट दवा लेने के कारण यह समस्या होने की संभावना है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंपा बघेल से दूरभाष पर संपर्क कर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक ने चिकित्सकों को इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए और पीड़ित परिजनों से भी बात कर ढांढस बंधाया।
गौरतलब है कि क्षेत्र में मंगलवार से फाइलेरिया एवं कृमिनाशक अभियान की शुरुआत हुई है, जिसके तहत स्कूलों और आंगनबाड़ियों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जा रही है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय प्रबंधन के समक्ष दवा वितरण के दौरान बच्चों के भोजन संबंधी प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
