Headlines

धामनोद के खेकड़ीपुरा में नदी किनारे मिला अधेड़ का रक्तरंजित शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

अज्ञात हमलावर पर बीएनएस की धारा 103(1) में हत्या का केस दर्ज

धार। धामनोद के ग्राम खेकड़ीपुरा में काकड़ा नदी के बीच पत्थरों के टापू पर एक व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर के पिछले हिस्से और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान पाए गए हैं। मामले में धामनोद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर की दोपहर करीब 1:00 बजे फरियादी प्रकाश चौहान (25) निवासी खेकड़ीपुरा, गांव के स्टॉप डैम के पास पहुंचा था। वहां काकड़ा नदी के बीच पत्थरों के टापू पर उसने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद प्रकाश ने गांव के केशर सिंह बाबा को सूचना दी और उन्हें साथ लेकर मौके पर पहुंचा। पास जाकर देखने पर मृतक की पहचान प्रकाश के काका बंशीलाल चौहान (45) निवासी खेकड़ीपुरा के रूप में हुई। अज्ञात हमलावर द्वारा बंशीलाल के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उनकी हत्या की गई थी।

घटना की सूचना मिलने पर धामनोद पुलिस ने उसी दिन शाम 7:32 बजे फरियादी प्रकाश की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया। दिनदहाड़े नदी किनारे हुई इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब हत्या के कारणों और अज्ञात आरोपी की शिनाख्त के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर सुराग जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *