Headlines

न सड़कों पर झाड़ू लगी, न उठा कचरा : प्रदेशव्यापी आह्वान पर धार के सफाई कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

धार। आगामी त्योहारों की आहट के बीच धार शहर की स्वच्छता व्यवस्था अचानक पटरी से उतर गई है। न सुबह की सड़कों पर झाड़ू की आवाज सुनाई दी और न ही कॉलोनियों में कचरा उठाने वाली गाड़ियां पहुंचीं। अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने काम पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर लगने शुरू हो गए हैं।

​गुरुवार को धार नगर पालिका के करीब 350 सफाई कर्मचारियों ने कर्मचारी संघ और वाल्मीकि सेना के बैनर तले अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। नपा परिसर के टीनशेड में तिरंगा झंडा लगाकर कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं। आंदोलन की शुरुआत से पहले कलेक्टर कार्यालय, नगर पालिका अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को लिखित सूचना दी गई थी। कचरा संग्रहण वाहन नपा परिसर में ही खड़े रहने से नगर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है।

​धरने पर उठे ये 8 प्रमुख मुद्दे

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। जिला प्रभारी शंकर खोडे और जिला अध्यक्ष जितेंद्र मांगलिया के अनुसार प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

  • ​नगर पालिकाओं और नगर निगमों में चल रही आउटसोर्स (ठेका) पद्धति को तुरंत समाप्त किया जाए।
  • ​10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके सफाई कर्मचारियों को विनियमित (नियमित) किया जाए।
  • ​मेडिकल आधार पर अनफिट पाए गए कर्मचारियों के स्थान पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।
  • ​सेवानिवृत्ति पर कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का एकमुश्त भुगतान मिले।
  • ​ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति और 50,000 रुपये का फंड प्रदान किया जाए।
  • ​आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए सभी कर्मचारियों को एक अतिरिक्त वेतन (बोनस) दिया जाए।
  • ​कर्मचारियों के लिए बुनियादी सुविधाएं और अधिकार सुनिश्चित किए जाएं।

​गौरतलब है कि दो दिन पहले प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन प्रदेशव्यापी आह्वान के चलते गुरुवार से वे पुन: हड़ताल पर चले गए। त्योहारों के ठीक पहले शुरू हुए इस गतिरोध को लेकर कर्मचारी नेताओं का कहना है कि यदि प्रशासन के साथ कोई ठोस सहमति नहीं बनती है, तो आने वाले दिनों में धार शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *