Headlines

पुरानी रंजिश में तलवार से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

मनावर थाने में पहले से दर्ज हैं दो अपराध

धार। पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर तलवार से जानलेवा हमला करने के मामले में धरमपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार तलवार भी जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध थाना मनावर में पूर्व से दो अपराध दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को फरियादी ने थाना धरमपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी किराना दुकान से समधी अमीचंद जायसवाल के घर जा रहा था। इसी दौरान जुनी उमरिया में मिथुन की पंचर दुकान के पास आरोपी रघु उर्फ रघुवीर सिंह ने पुरानी रंजिश के चलते तलवार से उसके सिर पर जान से मारने की नीयत से 5–6 वार किए। हमले में फरियादी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा।

फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस टीम ने पगारा फाटे से किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार (दक्षिण) विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर दिपांशु के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी धरमपुरी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रघु उर्फ रघुवीर सिंह (39), पिता दादूसिंह, निवासी बड़दा थाना मनावर, हाल मुकाम उमरिया थाना धरमपुरी को पगारा फाटे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार तलवार जब्त की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

आरोपी पर पहले से दो मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध थाना मनावर में पहले से दो अपराध पंजीबद्ध हैं। इनमें वर्ष 2021 का अपराध क्रमांक 491/2021 तथा वर्ष 2022 का अपराध क्रमांक 1052/2022 शामिल हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक कमल दवाने, प्रधान आरक्षक वेस्ता सोलिया, इंदरसिंह मकवाना, महेश पवार तथा आरक्षक लक्ष्मण जमरा और संजेश का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *