सड़क पर बिखरा करतब दिखाने वाले परिवार का कारवां
7 बच्चों समेत 11 घायल, एक महिला की हालत गंभीर
धार। सड़क पर रोजी-रोटी की तलाश में निकला एक करतबबाज परिवार अचानक भीषण हादसे की चपेट में आ गया। मेलों में रस्सी पर चलकर हैरतअंगेज संतुलन साधने वाले इन कलाकारों की जिंदगी का संतुलन गुरुवार को उस वक्त बिगड़ गया, जब उनका वाहन एक झटके में सड़क किनारे पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा गुरुवार को धार जिले के नागदा-गुजरी मार्ग पर मलगांव फाटे के पास हुआ। सेंधवा से रतलाम जिले के अंबा गांव जा रहा ‘407 जुगाड़’ वाहन सामने से आ रही एक चार पहिया गाड़ी को बचाने के फेर में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस वाहन में एक ही गांव के करीब 15 लोग सवार थे, जिनमें से 7 बच्चों सहित कुल 11 लोग घायल हो गए।

दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने फौरन मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को संभाला। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित सिसोदिया के अनुसार, घायलों में शामिल 30 वर्षीय वहीदा सलमान की हालत बेहद नाजुक है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कर विशेष निगरानी में रखा जा रहा है। अन्य घायलों में एहसान हमीद, कार्तिक अजूबा, 13 वर्षीय शिवानी शेरखान, 24 वर्षीय इस्लाम हमीद, 8 वर्षीय मुस्तफा हमीद और 20 वर्षीय इंताफ बब्बू शामिल हैं, जिनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।

घायल परिवार मेलों और हाट-बाजारों में शारीरिक करतब और रस्सी पर चलने का पारंपरिक खेल दिखाकर अपनी आजीविका चलाता है। अगले पड़ाव पर खेल दिखाने जा रहा यह पूरा कुनबा अब अस्पताल के बिस्तरों पर सिमट गया है, जिससे उनके सामने न केवल रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है बल्कि महिला की नाजुक स्थिति ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
