धार। जब जिंदगी और मौत के बीच महज कुछ पलों का फासला बचा था, तब धार पुलिस की डायल-112 टीम ने त्वरित सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देकर एक व्यक्ति को नया जीवन दिया। फांसी के फंदे पर झूलते व्यक्ति को न सिर्फ समय रहते नीचे उतारा गया, बल्कि एंबुलेंस के अभाव में पुलिस वाहन को ही जीवनदायिनी बनाकर उसे सीधे अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना गुरुवार, 15 अक्टूबर को धार जिले के ग्राम बोधवाड़ा की है। पुलिस कंट्रोल रूम को इवेंट आईडी POL15102603069 के जरिए सूचना मिली कि गांव के 40 वर्षीय कमल भाबर (पिता कैलाश भाबर) ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर पंखे के हुक पर साड़ी का फंदा लगा लिया है। कॉल मिलते ही डायल-112 की एफआरवी-13 टीम बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने परिजनों की मदद से तुरंत बंद दरवाजा खुलवाया और अचेत अवस्था में फंदे से लटक रहे कमल को सुरक्षित नीचे उतारा।
मौके पर स्थिति बेहद गंभीर थी और उस दौरान 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे नाजुक समय में एफआरवी टीम ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय कमल को उसकी पत्नी और भतीजे के साथ अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया और तत्काल भोज हॉस्पिटल, धार लेकर पहुंचे। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से डॉक्टरों ने मरीज की हालत स्थिर कर ली, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है। इस बचाव अभियान में एफआरवी-13 के पायलट नरेंद्र सिंह पटेल और आरक्षक रतन भाभर की तत्परता सबसे अहम साबित हुई।
आपातकालीन परिस्थितियों में ‘गोल्डन ऑवर’ यानी शुरुआती कुछ मिनट किसी भी पीड़ित के जीवन के लिए सबसे निर्णायक होते हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि डायल-112 केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट के पलों में आपात परिवहन और त्वरित प्राथमिक राहत उपलब्ध कराकर आम जनजीवन की रक्षा में भी एक मजबूत सुरक्षा कवच की भूमिका निभा रही है।
