दोनों पक्षों की ओर से नौगांव थाने में प्रकरण दर्ज
धार। बिजली के तार काटने की एक मामूली बात देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जहाँ मर्यादाएं तार-तार हुईं और अपनों पर ही कुल्हाड़ी व धारिए तन गए। नौगाँव थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में शुक्रवार रात एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष में दोनों ओर से महिला और बच्चों सहित कुल 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार और गाली-गलौज के बीच दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमले किए और जान से मारने की धमकियां दीं।
घटना 16 अक्टूबर की रात करीब 8:00 बजे जेतपुरा में घरों के सामने हुई। विवाद बिजली का तार काटने को लेकर शुरू हुआ था, जो गाली-गलौज के बाद सीधे लाठी-डंडों और धारदार हथियारों की लड़ाई में तब्दील हो गया। पहले पक्ष से शिवकांता, सरदार, भगतसिंह, केशरलाल और अनन्या पर लकड़ी व धारिए से हमला किया गया, जिससे सभी को सिर, हाथ, नाक और छाती में गंभीर चोटें आईं। वहीं, दूसरे पक्ष से अरविंद, उनकी पत्नी काजल, बेटे लोकेश और बेटी परी पर लकड़ी व उल्टी कुल्हाड़ी से वार किए गए, जिससे उनके सिर, पीठ, छाती और चेहरे पर घाव लगे हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आधी रात के बाद बीएनएस की धारा 296(ए), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत क्रास प्रकरण दर्ज कर लिया है। पारिवारिक कलह और जमीनी स्तर पर बिजली कनेक्शन से उपजा यह विवाद अब कानूनी दांव-पेंच और लंबी अदालती कार्रवाई में उलझ गया है। दोनों पक्षों पर संगीन धाराएं दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है, वहीं इस हिंसक वारदात के बाद गाँव में दो परिवारों के बीच तनाव और कटुता और गहरी हो गई है।
