Headlines

नाम बदलकर युवतियों को फंसाने वाला आरोपी पुलिस गिरफ्त में

दुष्कर्म सहित पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में दो अलग-अलग एफआईआर

धार। सोशल मीडिया पर हिंदू नाम का मुखौटा पहनकर युवतियों को प्रेम जाल में फंसाना और फिर शादी का झांसा देकर अस्मत लूटना—पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक ही आरोपी द्वारा दो अलग-अलग युवतियों के साथ की गई धोखाधड़ी और दरिंदगी के सनसनीखेज खुलासे ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। असल पहचान सामने आने पर एक पीड़िता को अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल किया गया, तो दूसरी को विरोध करने पर बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी गई।

पीथमपुर के थाना सेक्टर-01 में 16 अक्टूबर की रात पुलिस ने दो पीड़िताओं की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। आरोपी की पहचान पीथमपुर निवासी करीब 17 वर्षीय महफुस लाला के रूप में हुई है। पहली शिकायत के अनुसार, आरोपी ने खुद को ‘लाला’ और हिंदू बताकर इंस्टाग्राम पर दोस्ती की तथा शादी का झांसा देकर पीड़िता के घर पर करीब दो साल तक दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। पीड़िता के भाई द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी का असली नाम महफुस सामने आया।

वहीं, दूसरी घटना में आरोपी ने खुद का नाम ‘मयंक’ बताकर जान-पहचान बढ़ाई और 10 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे पीड़िता के किराए के मकान में घुसकर जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर ‘महफुस’ लिखा देखा और सवाल किया, तो आरोपी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता और विशेष अधिनियमों के तहत कठोर कानूनी शिकंजा कसा है:

  • पहला मामला (पॉक्सो व धार्मिक स्वतंत्रता): भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(b), 64(2)(m), 65(1), 87 के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 5(l), 6 और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3, 5 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
  • दूसरा मामला (एससी-एसटी एक्ट व धार्मिक स्वतंत्रता): बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(m), 332(b), 115(2), 351(3), एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) एक्ट की धारा 3(1)(w)(ii), 3(2)(v) तथा मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 व 5 के तहत मामला दर्ज हुआ है।

पहचान और धार्मिक पृष्ठभूमि छिपाकर युवतियों के साथ किए जा रहे इस तरह के अपराधों पर पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। कानून विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नाबालिग होने के बावजूद गंभीर धाराओं, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज होने से आरोपी के खिलाफ जूवेनाइल जस्टिस बोर्ड के जरिए कड़ी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय ऐसे असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर युवतियों को निशाना बनाने वालों पर कड़ा अंकुश लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *