Headlines

धार : बगड़ीतुर्क रोड पर गोवंश तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप से ठूंस-ठूंस कर भरे 7 बछड़े बरामद

7 गोवंश मुक्त, वाहन और टैबलेट जब्त कर अज्ञात चालक पर केस दर्ज

धार। देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर मूक गोवंश को क्रूरतापूर्वक ले जाने की एक कोशिश को स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से नाकाम कर दिया गया। पिकअप वाहन में ठूंस-ठूंस कर भरे गए सात बछड़ों को मुक्त कराकर सुरक्षित गोशाला पहुंचाया गया है, जबकि मौके से वाहन और एक टैबलेट जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

घटना रविवार तड़के (18 अक्टूबर) करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिस्लेरी रोड (ग्राम बगड़ीतुर्क मार्ग) की है। बगड़ीतुर्क निवासी 39 वर्षीय अशोक मुनिया (पिता नंदराम मुनिया) ने अपने साथी की मदद से देखा कि एक अशोक लेलैंड दोस्त गाड़ी (क्रमांक MP11ZJ9852) में करीब दो-दो वर्ष की उम्र के सात लाल रंग के गोवंश (बछड़े) बेहद क्रूरतापूर्वक भरे हुए थे। अशोक मुनिया और उनके साथी ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को बछड़ों और उसमें रखे एक लेनोवो कंपनी के टैबलेट सहित पुलिस के सुपुर्द किया। कोतवाली धार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात 2:14 बजे अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया।

पुलिस ने वाहन, टैबलेट और सभी सात बछड़ों को विधिवत जब्त कर लिया है। सभी मुक्त कराए गए बछड़ों को सुरक्षित देखरेख के लिए वात्सल्य गोशाला भेज दिया गया है।

आरोपी चालक के खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) तथा मध्य प्रदेश गो-वंश प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 9 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वाहन से बरामद टैबलेट और गाड़ी के पंजीयन नंबर के आधार पर पुलिस फरार चालक और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान व तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *